पहले युवक ने लगाई छलांग, फिर युवती भी कूदी... गोमती में लापता प्रेमी युगल की तलाश जारी

लखनऊ के मड़ियांव इलाके में रविवार शाम घैला पुल से 45 वर्षीय ढाबा संचालक गौतम गुप्ता और उनकी 23 वर्षीय रिश्तेदार चुनमुन गुप्ता ने गोमती नदी में छलांग लगा दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले युवक और फिर युवती नदी में कूदी. तेज बहाव के कारण दोनों लापता हो गए. एसडीआरएफ, गोताखोर और पुलिस उनकी तलाश में जुटे हैं.

Advertisement
पुल पर युवक के जूते, युवती की चप्पल मिली.(Photo: Ankit Mishra/ITG) पुल पर युवक के जूते, युवती की चप्पल मिली.(Photo: Ankit Mishra/ITG)

अंकित मिश्रा

  • लखनऊ,
  • 11 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:55 PM IST

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार शाम मड़ियांव इलाके के घैला पुल से एक युवक और युवती ने गोमती नदी में छलांग लगा दी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही मड़ियांव और ठाकुरगंज थाने की पुलिस पहुंची और स्थानीय नाविकों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई. हालांकि, नदी में पानी का तेज बहाव होने के कारण देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका.

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक और युवती घैला पुल पर पहुंचे थे. पहले युवक ने नदी में छलांग लगाई. इसके तुरंत बाद युवती ने अपनी चप्पल उतारी और वह भी गोमती में कूद गई. पानी की तेज धारा के कारण दोनों कुछ ही देर में आंखों से ओझल हो गए. घटनास्थल पर पुल की रेलिंग के पास युवक के जूते और युवती की चप्पल मिली है.

यह भी पढ़ें: लखनऊ के कांग्रेस दफ्तर में हंगामा, अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच चले जूते

नदी में कूदने वाले युवक की पहचान फैजुल्लागंज निवासी 45 वर्षीय गौतम गुप्ता के रूप में हुई है. वह बीकेटी में ढाबा चलाते हैं. युवती की पहचान उनकी 23 वर्षीय रिश्तेदार चुनमुन गुप्ता के तौर पर हुई है. परिजनों के अनुसार, दोनों रविवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकले थे. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग उनकी तलाश करते हुए घैला पुल पहुंचे थे.

Advertisement

शादीशुदा है युवक, दो बच्चों का पिता

गौतम गुप्ता शादीशुदा हैं. उनके परिवार में पत्नी अमिता गुप्ता और दो बच्चे हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में आपसी विवाद के बाद दोनों के यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, इसकी असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है. मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के मुताबिक, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

घटना के बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमें नदी में उतरकर तलाशी अभियान चला रही हैं. नावों की मदद से उन संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है, जहां दोनों के बहकर पहुंचने की आशंका है. गोमती में पानी का तेज बहाव बचाव कार्य में बाधा बन रहा है. आशंका है कि दोनों घटनास्थल से काफी आगे बह गए हों.

ठाकुरगंज थाना प्रभारी ने बताया कि घैला पुल से पहले युवक और उसके तुरंत बाद युवती ने नदी में छलांग लगाई थी. स्थानीय नाविकों की सहायता से दोनों को तलाशने के लिए संभावित स्थानों पर अभियान चलाया जा रहा है. देर शाम तक कोई जानकारी नहीं मिलने और अंधेरा बढ़ने के कारण तलाशी अभियान रोकने के बाद सोमवार सुबह बड़े स्तर पर दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी की गई.

Advertisement

तेज धारा के चलते तलाश में मुश्किल

गोमती नदी में जलस्तर और बहाव की स्थिति के कारण बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. पुलिस और बचाव टीमें दोनों की तलाश में जुटी हैं. फिलहाल युवक और युवती के नदी से बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस घटना की परिस्थितियों और इसके पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »