स्कूल फ्रेंड से इश्क, सिपाही से शादी, फिर हुए दो कत्ल... लखनऊ के काकोरी में हुए डबल मर्डर की पूरी कहानी, ऐसे खुला राज

सिपाही महेंद्र की पत्नी अंकिता के मृतक मनोज से अवैध संबंध थे. दोनों साथ पढ़ते थे. शादी के बाद भी उनका रिश्ता जारी रहा. जब इसकी भनक महेंद्र को लगी तो वो आगबबूला हो गया. उसने पत्नी के प्रेमी मनोज को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली. उस रात मनोज के साथ आए उसके दोस्त रोहित को भी नहीं छोड़ा. महेंद्र ने साथियों संग दोनों को चापड़ से काटकर मौत के घाट उतार दिया. 

Advertisement
लखनऊ पुलिस की गिरफ्त में आरोपी सिपाही महेंद्र (इनसेट में मृतक मनोज) लखनऊ पुलिस की गिरफ्त में आरोपी सिपाही महेंद्र (इनसेट में मृतक मनोज)

aajtak.in

  • लखनऊ ,
  • 24 मार्च 2025,
  • अपडेटेड 10:23 AM IST

लखनऊ पुलिस ने काकोरी में हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. हत्यारोपी सिपाही महेंद्र और साजिशकर्ता उसकी पत्नी अंकिता को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में महेंद्र के साथी अभी फरार हैं. ये जघन्य हत्याकांड अवैध संबंधों के चलते अंजाम दिया गया. दरअसल, महेंद्र की पत्नी के मृतक मनोज से अवैध संबंध थे. दोनों साथ पढ़ते थे. शादी के बाद भी उनका रिश्ता जारी रहा. जब इसकी भनक सिपाही महेंद्र को लगी तो वो आगबबूला हो गया. उसने पत्नी के प्रेमी मनोज को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली. घटना वाले दिन मनोज के साथ आए उसके दोस्त रोहित को भी नहीं छोड़ा. महेंद्र ने साथियों संग दोनों को चापड़ से काटकर मौत के घाट उतार दिया. 

Advertisement

फिलहाल, काकोरी में दो दोस्तों मनोज और रोहित की हत्या मामले में लखनऊ पुलिस ने आरोपी सिपाही महेंद्र कुमार और उसकी पत्नी अंकिता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार और मोबाइल फोन बरामद कर किया है. मामले में आरोपी सिपाही के तीन साथी भी शामिल हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है. 

लखनऊ के डीसीपी वेस्ट विश्वजीत श्रीवास्तव और एडीसीपी धनंजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि सिपाही महेंद्र ने अपनी पत्नी दीपिका उर्फ अंकिता व साथियों संग मनोज और रोहित की हत्या की थी. सिपाही महेंद्र 2018 बैच का सिपाही है और लखीमपुर में तैनात था. महेंद्र ने 2021 में अंकिता से शादी की थी. लेकिन शादी के बाद उसे पता चला कि उसकी पत्नी का मनोज के साथ प्रेम संबंध है. इस बात की जानकारी लगते ही महेंद्र ने मनोज को रास्ते से हटाने की साजिश रचनी शुरू कर दी. 

Advertisement

सिपाही महेंद्र ने इस साजिश के तहत पत्नी को दो फर्जी आईडी पर सिम और एक मोबाइल दिलाया. एक सिम पत्नी के द्वारा मनोज को भिजवाया और दूसरा सिम पत्नी को इस्तेमाल के लिए दिया. पत्नी उसी सिम से मनोज से बात करती थी. लेकिन महेंद्र के मना करने के बावजूद अंकिता ने लापरवाही में पुराने नंबर से भी मनोज को कॉल कर दिया. बस मनोज की कॉल डिटेल में आया ये नंबर ही खुलासे की वजह बना. ये वही नंबर था जिससे कुछ समय पहले तक अंकिता-मनोज की रोज बात होती थी लेकिन अचानक ही इस नंबर पर ना के बराबर बात हो रही थी. पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मनोज और अंकिता की कॉल डिटेल्स खंगाली तो उनके बीच बातचीत के सबूत मिले, जिससे इस हत्याकांड का खुलासा हो गया. 

हत्या की रात अंकिता ने मनोज को मिलने के लिए घटनास्थल पर बुलाया और इसकी जानकारी पति महेंद्र को दे दी. इसके बाद महेंद्र तीन साथियों के साथ मौके पर पहुंचा. रास्ते में ही महेंद्र ने हंसिया/चापड़ खरीदकर रख लिया था. उसी ने उसने मौके पर पहुंचकर मनोज और रोहित की गला काटकर हत्या कर दी. इसके बाद वह वापस लौट गया, और ड्यूटी जॉइन कर ली. 

Advertisement

महेंद्र ने पत्नी अंकिता से प्रेमी मनोज को कॉल करके काकोरी स्थित बरकताबाद पुलिया पर मिलने के लिए बुलाने के लिए कहा था. करीब 35 बार कॉल करने पर मनोज मिलने के लिए तैयार हुआ था. इधर महेंद्र घात लगाए पहले से बैठा था. वारदात को अंजाम देने के बाद अंकिता व अन्य तीन लोग अपने घर चले गए. वहीं, महेंद्र लखीमपुर खीरी पुलिस लाइन के लिए रवाना हो गया. हालांकि, कॉल डिटेल में उनकी पोल खुल गई. पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. 

---- समाप्त ----
(लखनऊ से अंकित मिश्रा की रिपोर्ट)

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »