₹5 लाख के लिए बेटे ने गोली मारकर पिता की हत्या, 15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

कौशांबी में जमीन बेचने से मिले 5 लाख रुपये के विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया. इसके बाद पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज कर आरोपी तलाश शुरू कर दी और उसपर इनाम रख दिया. वारदात के एक सप्ताह बाद पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG) हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)

अखिलेश कुमार

  • कौशांबी,
  • 21 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:20 PM IST

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में जमीन बेचने से मिले 5 लाख रुपये के विवाद में अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या करने वाले 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी बेटे राहुल कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है.

Advertisement

दरअसल, यह मामला मंझनपुर थाना क्षेत्र के छित्तूपुर मजरा कैनी गांव का है. 15 जून को डीएम ऑफिस में सफाईकर्मी के पद पर काम करने वाले रामनरेश अपने बेटे राहुल कुमार के साथ ड्यूटी के लिए जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में राहुल ने अपने पिता पर गोली चला दी. गंभीर रूप से घायल रामनरेश को पहले जिला अस्पताल मंझनपुर ले जाया गया.

यह भी पढ़ें: पहले अपहरण, फिर गला घोंटकर हत्या... कौशांबी में नाबालिग प्रेमिका की हत्या से सनसनी

फिर वहां से उन्हें एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया था, जिसके चलते पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी.

Advertisement

5 लाख रुपये के विवाद में रची हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि रामनरेश ने कुछ समय पहले अपनी जमीन बेची थी, जिसके बदले उन्हें करीब 5 लाख रुपये मिले थे. आरोपी राहुल कुमार लगातार अपने पिता से इन पैसों की मांग कर रहा था, लेकिन पिता पैसे देने से इनकार कर रहे थे.

अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि पैसों को लेकर उसका अपने पिता से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते उसने अपने पिता की हत्या की योजना बनाई और मौका मिलते ही रास्ते में गोली मार दिया.

पुलिस के अनुसार, घटना पूरी तरह पूर्व नियोजित थी. आरोपी ने हत्या के बाद फरार होकर पुलिस से बचने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

15 हजार का इनामी था आरोपी, तमंचा भी बरामद

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया था और उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.

लगातार चेकिंग और छापेमारी के दौरान पुलिस ने हाजीपुर-पतौना रोड के पास से आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी में उसके पास से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ. बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »