उत्तर प्रदेश के कौशांबी में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला. नेशनल हाईवे-19 पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई. पीछे से आए एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और दोनों को कुचल दिया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई.
जानकारी मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: पहले अपहरण, फिर गला घोंटकर हत्या... कौशांबी में नाबालिग प्रेमिका की हत्या से सनसनी
पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
काम से लौट रहे थे दोनों दोस्त
हादसा सैनी कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे-19 स्थित पहाड़पुर कोदन गांव के पास हुआ. पुलिस के मुताबिक, विवेक द्विवेदी (30) निवासी चकबख्तियारा थाना सैनी और रमेश निषाद (32) निवासी टिकरा थाना महेवाघाट शनिवार सुबह एक ही बाइक से मूरतगंज किसी जरूरी काम से गए थे.
काम पूरा करने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर पीछे से उनकी बाइक से टकरा गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और कंटेनर की चपेट में आ गए.
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. मौके पर पहुंची टीम ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने कंटेनर कब्जे में लिया, जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने हादसे में शामिल कंटेनर को कब्जे में ले लिया है. अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है. दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है. एक पल की लापरवाही ने दो परिवारों से उनके जवान बेटों को छीन लिया. पुलिस अब हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है.
अखिलेश कुमार