उत्तर प्रदेश के कौशांबी में नवरात्र से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच तेज कर दी है. शुक्रवार को सैनी कोतवाली क्षेत्र के अझुवा कस्बे में पीहू मिष्ठान भंडार पर छापेमारी की गई. यहां हरियाणा से आए उत्तम ब्रांड के रसगुल्लों की 682 पेटियां मिलीं. टीम ने मिठाई के नमूने जांच के लिए भेजे और पूरे ट्रक को सील कर थाने में खड़ा करा दिया.
दरअसल, यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिव प्रताप तिवारी के नेतृत्व में की गई. टीम ने अझुवा कस्बे के वार्ड स्थित दुकान पर पहुंचकर ट्रक में रखी मिठाई की जांच की. बड़ी मात्रा में रसगुल्लों की खेप मिलने के बाद इलाके में हलचल मच गई. हालांकि, मिठाई की गुणवत्ता को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.
यह भी पढ़ें: शादी का वादा किया, कई बार संबंध बनाए... युवती प्रेग्नेंट हो गई तो मुकर गया आरोपी... कौशांबी में FIR दर्ज
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने ट्रक में रखी दो से तीन पेटियों से रसगुल्ले निकलवाकर उनके नमूने लिए और जांच के लिए भेज दिए. फिलहाल पूरा वाहन सील है और थाने में खड़ा कराया गया है. अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. जांच में गुणवत्ता से जुड़ी गड़बड़ी मिलने पर विभाग आगे की कार्रवाई करेगा.
मंझनपुर में दुकानों का निरीक्षण, कुट्टू के उत्पादों की भी जांच
अझुवा में कार्रवाई के अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंझनपुर तहसील क्षेत्र की कई दुकानों का सघन निरीक्षण किया. त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए दुकानदारों को जरूरी निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने खुले में कुट्टू का आटा और कुट्टू की दलिया नहीं बेचने को कहा.
निरीक्षण के दौरान किसी भी दुकान पर कुट्टू का आटा या कुट्टू से संबंधित उत्पाद नहीं मिला. विभाग की टीम ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री के रखरखाव और बिक्री में सावधानी बरतने की हिदायत दी. नवरात्र को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से ऐसी जांच अभियान चलाया जा रहा है.
बेसन और किशमिश के नमूने जांच के लिए भेजे
मंझनपुर में पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास सिराथू रोड स्थित बजरंग इंटरप्राइजेज से बेसन का नमूना लिया गया. इसके अलावा चकनगर द्वितीय, सिराथू रोड स्थित फैमिली मार्ट से किशमिश का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है. इन नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का पता चलेगा.
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी दुकानदारों को एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थ तुरंत दुकान से हटाने और स्टॉक की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं. त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी रोकने और लोगों तक गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाने के उद्देश्य से विभाग की निगरानी जारी है. रसगुल्लों की खेप समेत लिए गए सभी नमूनों पर आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी.
अखिलेश कुमार