उत्तर प्रदेश के कौशांबी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग पिता के साथ मारपीट करने का आरोप उनके ही परिवार के लोगों पर लगा है. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ लोग एक बुजुर्ग को खेत में गिराकर लाठी-डंडों से पीटते दिखाई दे रहे हैं. आरोप है कि मारपीट करने वाले कोई अनजान लोग नहीं, बल्कि बुजुर्ग के दो बेटे, दो बेटियां और दामाद हैं.
बताया जा रहा है कि घर में शराब पीकर आने और खाने में चिकन मांगने को लेकर अक्सर विवाद होता था. इसी घरेलू झगड़े के बीच बुजुर्ग के साथ मारपीट की गई. मामला कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव का है. पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
वायरल वीडियो 2 नवंबर का बताया जा रहा है. इसमें एक महिला और दो युवक खेत में एक बुजुर्ग को घेरकर लाठी-डंडों से मारते दिखाई दे रहे हैं. बुजुर्ग जमीन पर गिरे हुए हैं. आसपास कुछ लोग भी खड़े नजर आते हैं. इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
यह भी पढ़ें: 'आपकी शराब पीने की आदत से मैं तंग आ चुका हूं', गुस्से में बेटे ने पिता को पीट-पीटकर मार डाला
पीड़ित बुजुर्ग की पहचान मानसिंह के रूप में हुई है. उनकी शिकायत के मुताबिक, वह खेत से घर लौट रहे थे. तभी उनके बेटे राजदीप और शुभम, बेटियां सुषमा और मधु और दामाद नन्नू वहां पहुंच गए. आरोप है कि इन सभी ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी. मानसिंह का आरोप है कि मारपीट के दौरान शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचने लगे. इसके बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए.
यहां देखें वीडियो
इस मामले में घरेलू झगड़े की जो वजह सामने आई है, वह भी हैरान करने वाली है. बताया जा रहा है कि घर में शराब पीकर आने और खाने में चिकन मांगने को लेकर अक्सर विवाद होता था. इसी बात को लेकर परिवार में तनाव रहता था.
हालांकि, मारपीट की असल वजह और घटना के दौरान क्या हुआ, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल ये बातें पीड़ित की शिकायत और सामने आई जानकारी के आधार पर बताई जा रही हैं.
दो बेटे, दो बेटियां और दामाद के खिलाफ केस
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. डीएसपी शिवांक सिंह ने बताया कि बुजुर्ग के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. पीड़ित मानसिंह की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस ने दो बेटों, दो बेटियों और दामाद समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल इस घटना ने परिवार के अंदर चल रहे झगड़े को सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक ला दिया है. जिस मामले को घर के अंदर सुलझना था, उसमें अब पुलिस की जांच शुरू हो चुकी है.
अखिलेश कुमार