'शादी कर लो, दूसरी पत्नी बन जाओ…', कानपुर में पिता के दोस्त की हैरान करने वाली करतूत

कानपुर के चमनगंज में एक युवती ने अपने दिवंगत पिता के दोस्त शानू उर्फ तौफीक पर नहाते हुए कथित वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है. युवती के मुताबिक आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगे और दबाव में उससे सोने की चेन व 15 हजार रुपये लिए.

Advertisement
युवती की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच. (Photo: Representational ) युवती की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच. (Photo: Representational )

रंजय सिंह

  • कानपुर,
  • 24 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 2:48 PM IST

कानपुर के चमनगंज से हैरान और शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवती ने अपने दिवंगत पिता के दोस्त पर नहाते समय उसका कथित वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और आपत्तिजनक मांग करने का आरोप लगाया है. युवती का आरोप है कि आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पांच लाख रुपये मांगे. दबाव में उसने सोने की चेन और 15 हजार रुपये दिए. इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उससे किस करने और शादी करने की मांग की. साथ ही उसने दूसरी पत्नी के तौर पर रखने और फ्लैट दिलाने का भी दावा किया.

Advertisement

पीड़िता के मुताबिक शानू उर्फ तौफीक नाम का होजरी व्यापारी उसके पिता का दोस्त था. उसके पिता भी होजरी का कारोबार करते थे. दोनों के बीच दोस्ती होने के कारण शानू का उनके घर आना-जाना था. युवती और उसके भाई-बहन उसे अंकल कहकर बुलाते थे. पिता की बीमारी के चलते मौत होने के बाद भी शानू का परिवार से संपर्क बना रहा.

वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, बोला- किस दो और शादी कर लो
युवती का आरोप है कि करीब एक महीने पहले उसके मोबाइल पर शानू का मैसेज आया. जिसमें बताया गया कि उसका नहाते हुए वीडियो वायरल हो रहा है. युवती घबरा गई और उसने वीडियो वायरल करने वाले व्यक्ति के बारे में पता लगाने और उसे रुकवाने की बात कही. आरोप है कि इसके बाद शानू ने उसे फोन कर धमकाया कि वह वीडियो उसके घरवालों को भेज देगा. इसके बदले उसने पांच लाख रुपये की मांग की.

Advertisement

पीड़िता का कहना है कि उसके पास पांच लाख रुपये नहीं थे. आरोपी के कहने पर उसने घर के बाहर कागज पर 'OK' लिखकर संकेत दिया कि वह पैसे देने को तैयार है. इसके बाद उसने एक सोने की चेन और 15 हजार रुपये आरोपी को दे दिए. कुछ दिन बाद आरोपी ने फिर फोन किया और कहा कि वीडियो वायरल करने वाला व्यक्ति अभी नहीं मान रहा है. पीड़िता ने जब उससे पूछा कि अब क्या किया जाए तो आरोपी ने कथित तौर पर उससे कहा कि वह उसे किस कर दे, क्योंकि वह उससे प्यार करता है. उसने शादी करने और सब कुछ संभाल लेने की बात कही.

आरोपी ने युवती को दूसरी पत्नी बनाकर रखने का किया दावा
युवती के मुताबिक जब उसने आरोपी की पहली पत्नी होने की बात कही तो उसने कथित तौर पर कहा कि वह उसे दूसरी पत्नी बनाकर रख सकता है और उसके लिए एक फ्लैट भी दिला देगा. आरोप है कि इसके बाद वह युवती को लगातार परेशान करने लगा. परेशान होकर युवती ने अपने भाई को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद दोनों भाई-बहन ने आरोपी को बहाने से मोतीझील में मिलने के लिए बुलाया. वहां युवती के भाई ने उसे पकड़ लिया. उसके साथ मारपीट के बाद उसे चमनगंज पुलिस के हवाले कर दिया गया.

Advertisement

पीड़िता का आरोप है कि चमनगंज चौकी इंचार्ज ने उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया और आरोपी को छोड़ दिया गया. पीड़िता का कहना है कि समझौते के बाद भी शानू ने उसे परेशान करना बंद नहीं किया. इसके बाद उसने पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल से शिकायत की. युवती ने आरोपी के साथ हुई व्हाट्सऐप चैट और बातचीत के कई ऑडियो भी पुलिस को सौंपे हैं.

एसीपी के आदेश पर शुरू हुई जांच
पुलिस कमिश्नर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चमनगंज थाने में पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए. मामले की जांच एसीपी सीसामऊ को सौंपी गई है. इसके साथ ही पहले कथित तौर पर समझौता कराने वाले पुलिसकर्मी की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है.

पुलिस कमिश्नर के स्टाफ ऑफिसर सुबोध कुमार ने बताया कि पीड़िता पुलिस कमिश्नर के समक्ष पेश हुई थी. पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं और रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »