एक युवती ने पुलिस से कहा कि मोहल्ले का लड़का छेड़छाड़ करता है. परिवार का आरोप है कि पुलिस ने पूछा कि वीडियो है? कोई सबूत है? शिकायत वहीं अटक गई. बाद में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत हुई, केस दर्ज हुआ, लेकिन परिवार का कहना है कि आरोपी पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई. फिर वही आरोपी कथित तौर पर धमकी देता रहा और आखिरकार बहन के इकलौते भाई की हत्या कर दी.
यह मामला उत्तर प्रदेश के कानपुर का है. पुलिस ने हत्या के आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का दावा किया है, लेकिन मृतक का परिवार पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठा रहा है. मृतक का परिवार मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला है और कानपुर के जूही इलाके में रहकर मजदूरी करता था. परिवार के मुताबिक, उनकी बेटी से मोहल्ले का रहने वाला अरुण गुप्ता कथित तौर पर छेड़छाड़ करता था. विरोध करने पर उसने युवती का हाथ भी पकड़ लिया.
परिवार का आरोप है कि वे शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उनसे कहा कि छेड़खानी का वीडियो और सबूत लेकर आओ. इसके बाद परिवार ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई.
यह भी पढ़ें: 'धरती गर्म हो रही है... खजाना बलि मांग रहा है', फिर कुल्हाड़ी से दोस्त की हत्या, गड़े धन के लालच की खौफनाक कहानी
शिकायत के बाद एफआईआर तो दर्ज हुई, लेकिन परिवार का आरोप है कि आरोपी के खिलाफ केवल शांति भंग की कार्रवाई की गई. परिजनों का कहना है कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपी ने खुलेआम धमकी दी कि वह उनके बेटे की हत्या कर देगा. परिवार का दावा है कि उन्होंने इसकी जानकारी भी पुलिस को दी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
गुरुवार की सुबह परिवार का इकलौता बेटा घर से निकला था. आरोप है कि रास्ते में अरुण गुप्ता लोहे की सरिया लेकर पहुंचा और उस पर हमला कर दिया. बाद में युवक का शव रेलवे लाइन के पास मिला. मृतक के पिता का कहना है कि उनका बेटा ही परिवार का सहारा था. वही लोडर चलाकर घर का खर्च उठाता था और बहनों की शादी की जिम्मेदारी भी उसी पर थी.
पिता का आरोप है कि अगर पुलिस पहली शिकायत पर ही गंभीर कार्रवाई करती और आरोपी की कथित धमकियों को हल्के में न लेती, तो आज उनका बेटा जिंदा होता. डीसीपी दीपेंद्र चौधरी के मुताबिक, युवक की हत्या बाबूपुरवा थाना क्षेत्र में हुई. पुलिस ने आरोपी अरुण गुप्ता को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
रंजय सिंह