उत्तर प्रदेश के बरेली में मॉर्निंग वॉक पर निकले किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. आरोपी की कारोबारी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी, बल्कि उसने सनक में आकर इस वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने इस मामले में आरोपी समेत उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, बरेली के भोजीपुरा थाना इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकले परचून व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में बस्ती के 19 वर्षीय मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार कर लिया गया.
प्रेस कांफ्रेंस में एसपी बरेली उत्तर मुकेश चंद मिश्रा ने बताया कि आरोपी मोहम्मद अरमान मानसिक रूप से बीमार है. वह सूखा नशा करता है. इसकी वजह से उसकी दवाइयां भी चल रही हैं. कुछ महीनो से उसने दवाइयां का सेवन नहीं किया था, जिसकी वजह से वह परेशान रहने लगा.
मानसिक रूप से कमजोर होने की वजह से उसने हत्याकांड को अंजाम दे दिया. आरोपी ने खुद पुलिस को बताया कि उसके कान में 'जिन्न' की आवाज आती है, जिसकी वजह से उसने घटना को अंजाम दिया है. देखें VIDEO:-
पिता ने हत्याकांड के छिपाए थे सबूत
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के पिता ने भी इस हत्याकांड में अपनी अहम भूमिका निभाई. जब पिता को पता चला कि बेटे ने हत्या कर दी है तो उसने आरोपी को छिपा लिया. हालांकि, पुलिस ने आरोपी पिता को भी सबूत छिपाने के आरोप में जेल भेज दिया है.
बताया जा रहा है कि आरोपी मोहम्मद अरमान ने पहले कार से सियाराम श्रीवास्तव को टक्कर मारकर गिराया. इसके बाद कांच के टुकड़े से उनका गला रेत दिया और शरीर पर कई वार किए, ताकि उनकी मौत सुनिश्चित हो जाए.
इस घटना के खुलासे में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रही. फुटेज में दिखाई दिया कि कार के नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची. जांच में पता चला कि कार आरोपी के पिता के नाम पर रजिस्टर्ड है.
कान में आई आवाज
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब मीडिया ने इस घटना के बारे में बात की तो आरोपी ने बताया कि उसे अक्सर ऐसा महसूस होता था कि कोई उसके कान में लोगों की हत्या करने के लिए कहता है. उसने दावा किया कि सियाराम श्रीवास्तव को देखकर भी उसे ऐसी ही आवाज सुनाई दी. इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दे दिया.
पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी मानसिक रोग से ग्रसित बताया जाता है और वह अन्य लोगों का भी इसी तरह पीछा कर चुका था. हालांकि, मानसिक स्थिति को लेकर अंतिम निष्कर्ष चिकित्सकीय जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगा.
पत्नी के साथ गए थे मॉर्निंग वॉक पर
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौराटांडा के बिबियापुर कायस्थान निवासी 65 वर्षीय सियाराम श्रीवास्तव शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. उनकी पत्नी बीच रास्ते से वापस लौट आईं, जबकि सियाराम आगे निकल गए. कुछ देर बाद उनका शव सड़क किनारे मिला था. इस मामले में मृतक के बेटे ने 3 लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
कृष्ण गोपाल राज