उत्तर प्रदेश में झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों की मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि एक युवक अपनी ही नाबालिग ममेरी बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. पीड़ित परिवार का कहना है कि किशोरी घर से जेवरात और नकदी भी लेकर गई है. परिजनों का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद भी अभी तक उनकी बेटी का कोई सुराग नहीं लग सका है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर हर पहलू की जांच की जा रही है और किशोरी की तलाश के प्रयास जारी हैं.
जनकारी के अनुसार मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. परिवार ने इस मामले में अपने ही रिश्तेदार के बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत के अनुसार, किशोरी के माता-पिता रोज़गार के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं, जबकि गांव में उनकी बेटी अपने भाइयों और दादी के साथ रह रही थी.
परिजनों के मुताबिक, 21 जून की सुबह किशोरी घर से शौच जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी. आसपास काफी तलाश की गई, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. सूचना मिलने पर माता-पिता भी गांव पहुंचे और खोजबीन शुरू की, मगर सफलता नहीं मिली.
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनकी रिश्तेदारी में आने वाला एक युवक, जो किशोरी का ममेरा भाई बताया जा रहा है, अक्सर उनके घर आता-जाता था. इसी दौरान उसने किशोरी से संपर्क बढ़ाया और मोबाइल के जरिए लगातार बातचीत करता रहा. परिवार का दावा है कि उसी ने किशोरी को अपने प्रभाव में लेकर घर से साथ ले जाने की योजना बनाई.
परिजनों का यह भी कहना है कि किशोरी अपने साथ घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और उसके नाम जमा करीब एक लाख रुपये भी लेकर गई है. जब उन्होंने आरोपी के परिजनों से जानकारी लेने की कोशिश की तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की.
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि शिकायत देने के बावजूद उन्हें तत्काल राहत नहीं मिली. उनका कहना है कि उनकी बेटी अभी नाबालिग है और उसकी सुरक्षा को लेकर पूरा परिवार बेहद चिंतित है. उन्होंने प्रशासन से भावुक अपील करते हुए कहा कि उनकी बेटी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए, क्योंकि उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है.
दूसरी ओर, पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि किशोरी की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का यह भी कहना है कि किशोरी के बरामद होने और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
अजय झा