'पापा, पैसे अपने पास रखो, अब मैं मां के पास जा रहा हूं', इकलौते बेटे ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली

झांसी में इकलौते बेटे ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली. मौत से पहले बनाया वीडियो. वीडियो में बोला- 'पापा, पैसे अपने पास रखो, अब मैं माँ के पास जा रहा हूं..' 16 साल पहले मां ने भी आग लगाकर जान दी थी. घटना से परिवार में मचा कोहराम. पढ़ें पूरी खबर...

Advertisement
मृतक लव पटेल की फाइल फोटो.(Photo:ITG) मृतक लव पटेल की फाइल फोटो.(Photo:ITG)

अजय झा

  • झांसी,
  • 26 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:06 PM IST

UP News: झांसी जिले के गुरसराय थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां BA के छात्र ने अपने ही घर में पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन घर का दरवाजा अंदर से बंद था. पड़ोसियों ने तत्काल उसके पिता को सूचना दी. खेत पर मौजूद पिता और सौतेली मां जब घर पहुंचे, तो कमरे में युवक खून से लथपथ पड़ा मिला. परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

मृतक की पहचान गांव सिंगार निवासी 19 साल के लव पटेल के रूप में हुई है. वह बीए की पढ़ाई कर रहा था और अपने पिता की इकलौती संतान था. इस घटना ने परिवार को झकझोर कर रख दिया.

मामले में सबसे भावुक करने वाली बात यह है कि लव की मां संगीता पटेल ने भी साल 2009 में आग लगाकर जान दे दी थी. मां की मौत के बाद से लव अपने पिता के साथ रह रहा था. घटना से पहले बनाए गए एक वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.

मौत से पहले मोबाइल में बनाया वीडियो, पिता से कही ये बात

पुलिस को लव के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसे उसने घटना से पहले रिकॉर्ड किया था. वीडियो में वह अपने पिता से भावुक बातें करता नजर आ रहा है. उसने अपने पिता से कहा कि उसने उन्हें बहुत कष्ट दिए हैं और आगे भी परेशान करता रहता. इसके बाद उसने अपनी मां की फोटो के तरफ कैमरा करते हुए कहा कि अब वह उनके पास जा रहा है.

Advertisement

वीडियो में लव ने अपने पिता से पैसे अपने पास रखने की बात भी कही. उसने इस कदम के लिए अपने दोस्तों, परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों को जिम्मेदार नहीं ठहराया. वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, हालांकि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.

खेत पर गए थे पिता और सौतेली मां, घर में अकेला था लव

गांव सिंगार निवासी मुन्नालाल पटेल ग्राम विकास अधिकारी के पद से करीब 10 वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे. फिलहाल वह गांव में खेती-किसानी करते हैं. उन्होंने पहली पत्नी हेमलता से संतान नहीं होने के बाद संगीता पटेल से दूसरी शादी की थी. संगीता से उन्हें एक बेटा हुआ, जिसका नाम लव पटेल रखा गया.

वर्ष 2009 में लव की मां संगीता ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इसके बाद से लव अपने पिता के साथ रहने लगा. रविवार सुबह करीब आठ बजे मुन्नालाल अपनी पत्नी हेमलता के साथ खेत पर गए थे. घर पर लव अकेला था.

सुबह करीब 10 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर आसपास के लोग घर के पास पहुंचे. दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उन्होंने लव के पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही मुन्नालाल घर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खोला. अंदर उनका बेटा फर्श पर पड़ा था और पास में ही लाइसेंसी पिस्टल मिली.

Advertisement

अस्पताल ले गए परिजन, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

बेटे की हालत देखकर पिता के होश उड़ गए. वह तत्काल उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची.

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी जुटाई. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन की जांच के दौरान घटना से पहले रिकॉर्ड किया गया वीडियो भी बरामद किया है.

तनाव और नींद न आने की समस्या का भी हुआ जिक्र

लव के पिता मुन्नालाल ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अक्सर तनाव में रहता था. उन्हें यह भी जानकारी दी कि लव को रात में नींद नहीं आती थी और वह कई बार नींद की दवा लेता था. हालांकि, युवक की मानसिक स्थिति, उसकी परेशानियों और घटना के पीछे की परिस्थितियों को लेकर पुलिस अभी जांच कर रही है.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि लव ने किन परिस्थितियों में इतना बड़ा कदम उठाया. पुलिस उसके मोबाइल फोन में मिले वीडियो और परिवार के सदस्यों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है.

Advertisement

पुलिस बोली- आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं

क्षेत्राधिकारी गरौठा पीयूष कुमार पांडेय ने बताया कि, लव पटेल पुत्र मुन्नालाल सिंगार का निवासी था और बीए की पढ़ाई कर रहा था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली थी. परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतक के पिता से पूछताछ की गई है. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. युवक ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »