'मुझे छुआ तो हत्या कर दूंगी, मैं किसी और की अमानत हूं...' सुहागरात पर जैसे ही पत्नी ने ये बात कही, पति के होश उड़ गए. उसने सुबह घरवालों से इसका जिक्र किया. बहू को मनाने का काम शुरू हुआ लेकिन उसने एक ना सुनी. आखिर में मामला महिला थाने पहुंचा. वहां शांतिपूर्ण तरीके से मसला हल हुआ. आइये जानते हैं यूपी के हापुड़ जिले की ये कहानी...
आपको बता दें कि हापुड़ से पति-पत्नी के रिश्ते से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां शादी की पहली ही रात दुल्हन ने अपने पति से साफ कह दिया कि वह किसी अन्य युवक से प्रेम करती है और उसके साथ वैवाहिक जीवन नहीं बिताना चाहती. इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से मामला शांतिपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया.
जानकारी के मुताबिक, 25 जून 2026 को युवक और युवती का विवाह पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ था. लेकिन सुहागरात पर दुल्हन ने दूल्हे को बताया कि वह किसी और से प्रेम करती है और परिवार की इच्छा के विरुद्ध उसकी शादी कराई गई है. उसने दूल्हे से दूरी बनाए रखने की बात कही. जिसके बाद दूल्हे ने विवाद करने के बजाय पूरी जानकारी अपने परिवार और दुल्हन के परिजनों को दे दी.
कई दौर की बातचीत के बाद भी जब कोई समाधान नहीं निकला, तो 28 जून को दोनों पक्षों की सहमति से युवती के प्रेमी को बुलाया गया. इसके बाद युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई. भविष्य में किसी भी कानूनी विवाद से बचने के लिए दूल्हे और उसके पिता ने महिला थाने में लिखित शिकायत भी दी.
महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुणा राय ने बताया कि युवक के परिजनों की ओर से शिकायत मिली थी कि विवाह के बाद युवती उसके साथ नहीं रहना चाहती और किसी अन्य युवक से प्रेम करती है. दोनों पक्षों की सहमति से मामले का शांतिपूर्ण निस्तारण करा दिया गया. फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से कोई आपराधिक आरोप नहीं लगाया गया है और पुलिस के अनुसार विवाद आपसी सहमति से समाप्त हो गया है.
देवेंद्र कुमार शर्मा