यूपी एटीएस के एक्शन के बाद ISI के संदिग्ध आतंकी साकिब उर्फ डेविल के दुबई में बैठे साथी आकिब की सफाई सामने आई है. आकिब ने दुबई से सोशल मीडिया पर बयान जारी किया है. आकिब ने कहा- 'मैं कोई आतंकवादी नहीं हूं, मैं सच्चा देशभक्त हूं. जिन लोगों को पकड़ा गया है उनसे पूछताछ करो, किसी बेगुनाह को न फंसाया जाए.'
आपको बता दें कि एटीएस द्वारा मेरठ के साकिब उर्फ डेविल की गिरफ्तारी के बाद दुबई में रह रहे आकिब खान का नाम प्रमुखता से सामने आया है. जांच में खुलासा हुआ कि साकिब का पाकिस्तानी आईएसआई हैंडलर से संपर्क आकिब ने ही कराया था. बीते साल आकिब का एक वीडियो कॉल वायरल हुआ था, जिसमें वह घातक हथियारों का प्रदर्शन कर रहा था.
अब इस मामले में बिजनौर पुलिस के अधिकारियों पर गाज गिरने के बाद आकिब ने वीडियो जारी कर दावा किया है कि वह कोई आतंकवादी नहीं है. उसने खुद को देशभक्त बताते हुए कहा कि वह दुबई में गाड़ी चलाकर ₹20,000 महीना कमाता है और मेहनत की रोटी खाता है.
'आतंकवादी का ठप्पा न लगाएं'
आकिब ने वीडियो में भावुक होते हुए कहा- 'मैं अपने देश से बहुत प्यार करता हूं. अगर कोई मेरे देश की तरफ आंख उठाएगा, तो मैं उसकी आंख निकाल लूंगा. मैं पठान हूं, गर्दन कटा सकता हूं लेकिन झुकाऊंगा नहीं.' उसने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विनती की है कि उसके खिलाफ गलत अफवाहें न फैलाई जाएं. आकिब का तर्क है कि उसे बिना जांच-पड़ताल के अपराधी घोषित किया जा रहा है.
पुलिस और हथियारों की हकीकत
वायरल वीडियो में दिख रही एके-47 के बारे में आकिब का कहना है कि इसकी हकीकत पुलिस भी जानती है. उसने दावा किया कि उसके पास उन सभी पुलिसवालों के नंबर हैं जिन्होंने उससे पूछताछ की थी. उसने कहा, "मैंने पूरी हकीकत पहले भी बयान की थी और अब भी पीछे नहीं हटूंगा. बेगुनाह को सजा मत दो, जो असली गुनहगार हैं उन्हें पकड़ो." फिलहाल, एटीएस उसके दावों और आतंकी नेटवर्क के बीच की कड़ियों को सुलझाने में जुटी है.
संतोष शर्मा