कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तराखंड के हरिद्वार से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में जटवाड़ा पुल के पास गंगा में डूबने से चार कांवड़ियों की मौत हो गई. सभी कांवड़िये चंडीगढ़ से जल लेने के लिए हरिद्वार आए थे. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन चारों को बचाया नहीं जा सका. बाद में उनके शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए गए.
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से करीब 16 कांवड़ियों का एक दल हरिद्वार गंगाजल लेने पहुंचा था. सभी जटवाड़ा पुल के पास गंगा में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान चार युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके. देखते ही देखते चारों गंगा में डूब गए.
सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. सभी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन चारों युवकों को सुरक्षित नहीं निकाला जा सका. बाद में चारों के शव बरामद किए गए. पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.
एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि जटवाड़ा पुल के पास जहां हादसा हुआ, वह स्थान निर्जन क्षेत्र है. वहां गंगा में पानी अधिक था और दलदली गहरी मिट्टी भी थी. इसी वजह से चारों युवक फंस गए. जब तक पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, तब तक उन्हें बचाया नहीं जा सका. उन्होंने बताया कि चारों युवक लगभग 18 से 19 वर्ष की उम्र के थे और चंडीगढ़ से कांवड़ लेने हरिद्वार आए थे.
घाटों पर ही स्नान करने की अपील
एसपी सिटी अभय सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील की कि हरिद्वार में हर की पैड़ी के अलावा 100 से अधिक अधिकृत घाट बनाए गए हैं, जहां जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं. इन घाटों पर रेलिंग और वायरिंग की व्यवस्था की गई है तथा जल पुलिस, आपदा मित्र, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार तैनात रहती हैं.
उन्होंने कहा कि श्रद्धालु केवल निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें और निर्जन या प्रतिबंधित स्थानों पर गंगा में उतरने से बचें. बारिश के मौसम में जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे हादसे का खतरा भी बढ़ जाता है. उन्होंने सभी कांवड़ियों से सुरक्षित यात्रा करने और जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की.
मुदित अग्रवाल