उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की नगर पालिका पानी की टंकी पर मंगलवार को लीकेज सही करते समय बड़ा हादसा टल गया. मरम्मत के दौरान अचानक तेज पानी के दबाव से वाल्व की प्लेट फट गई, जिससे लगभग 20 फीट ऊंचा फव्वारा छूट पड़ा. इस तेज प्रेशर की चपेट में आकर काम कर रहे ऑपरेटर समसुल बाल-बाल बच गए. उन्होंने तुरंत जलापूर्ति बंद करवाई, लेकिन फव्वारे के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं और करीब चार सौ परिवारों की पेयजल आपूर्ति ठप्प हो गई. मामला सांडी कस्बे में मुख्य मार्ग पर स्थित इंदिरा पार्क परिसर का है.
मरम्मत के दौरान अचानक फटा वाल्व
सांडी कस्बे के इंदिरा पार्क में बनी यह पानी की टंकी लगभग 400 परिवारों को पानी सप्लाई करती है. मंगलवार को जब ऑपरेटर समसुल लीकेज वाले वाल्व की मरम्मत में जुटे थे, तभी पानी के अत्यधिक दबाव के कारण अचानक वाल्व की प्लेट फट गई. पानी का फव्वारा इतनी तेजी से उठा कि ऑपरेटर भी उसकी चपेट में आ गए. गनीमत यह रही कि उन्होंने समय रहते खुद को संभाल लिया और एक बड़ा हादसा होने से टल गया.
सड़कों पर भरा पानी, 400 परिवारों की सप्लाई रुकी
वाल्व फटने के तुरंत बाद ऑपरेटर ने पानी की आपूर्ति बंद कराई. हालांकि, कुछ ही देर में इंदिरा पार्क और मुख्य मार्ग के आसपास पानी ही पानी नजर आने लगा और वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. इस तकनीकी खराबी की वजह से कस्बे के करीब चार सौ परिवारों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा और आपूर्ति पूरी तरह से प्रभावित हो गई.
जल्द मरम्मत कर आपूर्ति शुरू करने का आश्वासन
मामले की जानकारी मिलते ही वाल्व की मरम्मत का काम शुरू कराया गया. नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पाइपलाइन का वाल्व लीकेज हो गया था, जिसकी मरम्मत कराई जा रही है. उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मरम्मत का कार्य पूरा कर नगर की वाटर सप्लाई सुचारु रूप से दोबारा शुरू कर दी जाएगी.
प्रशांत पाठक