हापुड़: जोमैटो कर्मचारी ने मंदिर के प्याऊ चुराई टोटी, CCTV में हुआ कैद

उत्तर प्रदेश के हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित दिव्य बालाजी धाम के गंगा-जमुना सिद्धपीठ में श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए लगाए गए निशुल्क ठंडे पानी के प्याऊ से देर रात एक युवक द्वारा टोटी चोरी करने का मामला सामने आया है. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. मंदिर के महंत आचार्य यशवर्धन ने घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषी पर कार्रवाई की मांग की है.

Advertisement
प्याऊ से टोटी चोरी करता डिलीवरी बॉय. (Photo: Devendra Kumar Sharma/ITG) प्याऊ से टोटी चोरी करता डिलीवरी बॉय. (Photo: Devendra Kumar Sharma/ITG)

देवेंद्र कुमार शर्मा

  • हापुड़,
  • 12 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:50 PM IST

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में जनसेवा के उद्देश्य से लगाए गए निशुल्क ठंडे पानी के प्याऊ से टोटी चोरी होने का मामला सामने आया है. यह घटना हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दिव्य बालाजी धाम के गंगा-जमुना सिद्धपीठ की है, जहां भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था की गई थी. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया है. वहीं मंदिर प्रशासन ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Advertisement

जानकारी के अनुसार दिव्य बालाजी धाम मंदिर प्रशासन की ओर से गर्मी के मौसम में आम लोगों की सुविधा के लिए मंदिर परिसर के बाहर निशुल्क प्याऊ संचालित किया जा रहा है. यहां आने-जाने वाले राहगीरों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को लगातार ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा था. मंदिर प्रशासन का कहना है कि यह सेवा पूरी तरह जनहित और मानव सेवा की भावना से चलाई जा रही है.

इसी बीच देर रात करीब 1:30 बजे एक युवक वहां पहुंचा और प्याऊ में लगी पानी की टोटी खोलकर अपने साथ ले गया. यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में युवक साफ तौर पर दिखाई दे रहा है. मंदिर प्रशासन का आरोप है कि टोटी चोरी करने वाला युवक जोमैटो कंपनी का डिलीवरी कर्मचारी है, जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गया.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर के महंत आचार्य यशवर्धन ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि मंदिर द्वारा समाजहित और जनसेवा के उद्देश्य से लोगों के लिए पानी की व्यवस्था की गई थी, लेकिन इस तरह की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक सेवा कार्यों में बाधा डालने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति जनसेवा के कार्यों को नुकसान पहुंचाने का साहस न कर सके.

डिलीवरी कर्मचारी की तलाश में जुटी पुलिस
मंदिर प्रशासन ने मामले की शिकायत पुलिस से की है. वहीं हापुड़ नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिल गई है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है. प्रथम दृष्टया युवक जोमैटो कंपनी का कर्मचारी दिखाई दे रहा है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

हालांकि मंदिर प्रशासन ने साफ किया है कि इस घटना के बावजूद जनसेवा के कार्य लगातार जारी रहेंगे. मंदिर परिसर और आसपास आने वाले लोगों के लिए पहले की तरह ठंडे पानी की व्यवस्था निरंतर संचालित की जाती रहेगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »