उत्तर प्रदेश की सुल्तानपुर पुलिस इन दिनों आये दिन बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगा पाने में नाकाम साबित हो रही है.अपराधियों और दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें अब पुलिस का भी कोई डर नहीं है.
धनपतगंज थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंदर स्थित इमरजेंसी वार्ड में पुलिस की मौजूदगी में दो पक्ष आपस में लाठी डंडे और लात घूसों से एक दूसरे मको मारते पीटते नजर आ रहे हैं.
वीडियो सामने आते ही मचा हड़कंप
ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. क्योंकि बीते कुछ दिनों पहले इसी धनपतगंज थाना क्षेत्र के पियारी गांव में दो पक्षों में विवाद हुआ था, विवाद की जानकारी डॉयल 112 पुलिस को मिली. पुलिस मामला शांत कराने मौके पर पहुंची तो उल्टा पुलिस पर ही लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया और सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ का भी प्रयास हुआ था .अब आज एक बार फिर इसी थाना क्षेत्र में डॉयल पुलिस के सामने हो रही मारपीट ने जिले की पुलसिंग और कानून व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है.
दोनों परिवारों के बच्चों का लव अफेयर
लेकिन इस पुलिस की मौजूदगी में पिटाई के वायरल वीडियो के पीछे की हकीकत क्या है? दरअसल हरौरा बाजार इलाके में रहने नीरज अग्रहरि (काल्पनिक नाम) की पुत्री पूजा (काल्पनिक नाम) और संजय प्रसाद (काल्पनिक नाम) के पुत्र अजय (काल्पनिक नाम) का आपस मे प्रेम सम्बन्ध था. पूजा और अजय दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे.लेकिन पूजा के घर वाले इस रिश्ते और शादी के लिए तैयार नही थे.
शादी की बातचीत के दौरान विवाद
सोमवार को अजय के पिता संजय प्रसाद और उनके घरवाले पूजा के पिता नीरज के पास दोनों की शादी का प्रस्ताव लेकर उनके घर गए थे. इस दौरान हुई बातचीत में दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई , जिसमें चार लोगों को गंभीर चोटें आईं. मौके पर पहुंची पुलिस घायल लोगों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराने पहुंची तभी दूसरा पक्ष अस्पताल पहुंच गया और पुलिस की मौजूदगी में वहां मारपीट शुरू हो गई. इस मारपीट में लगभग सात लोग गंभीर घायल हो गए. साथ ही मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.ॉ
घटना के बाद क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच एक लड़का और लड़की के पूर्व संपर्क को लेकर विवाद की बात सामने आई है. दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है, जिस पर गंभीरता से जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है.मारपीट में घायल तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
नितिन श्रीवास्तव