शराब पार्टी में विवाद पर दोस्तों ने की हत्या, फिर जंगल में जला दिया शव... गाजियाबाद के उमाशंकर हत्याकांड में 5 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में 39 वर्षीय युवक की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जिसके अनुसार युवक की हत्या उसके ही दोस्तों ने की थी. पकड़े न जाए, इसलिए आरोपियों ने युवक का शव भी जंगल में जला दिया था.

Advertisement
शराब पीने के बाद दोस्तों ने की थी हत्या शराब पीने के बाद दोस्तों ने की थी हत्या

मयंक गौड़

  • गाजियाबाद,
  • 24 मई 2025,
  • अपडेटेड 7:16 AM IST

गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में 39 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद से ही पुलिस मामले की जांच कर रही थी. वहीं, अब पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. जिसके अनुसार मृतक के साथियों द्वारा ही गला दबाकर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया था और नृशंसता दिखाते हुए शव को ठिकाने लगाने के लिए डीजल डालकर जला दिया गया था. मृतक के परिवार को मौके पर जले शव के अवशेष और मानव हड्डियां ही मिल सकी थीं. ऐसे में जलने से बच गए कपड़ों के अवशेष से ही मृतक की पहचान परिवार द्वारा की गई थी.

Advertisement

पुलिस ने हत्या के इस सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों द्वारा हत्या की वजह शराब के नशे में हुआ आपसी विवाद और गाली-गलौज को बताया गया है. पुलिस ने बताया कि 21 अप्रैल 2025 की रात 39 वर्षीय मृतक युवक उमाशंकर अपने गांव के दोस्तों नीरज सैनी, अजय उर्फ छिट्टा, पंकज सैनी, मनोज सैनी और गौरव सैनी के साथ होटल पर शराब पी रहा था. बाद में सभी युवक हैरिटेज स्कूल के पीछे जंगल में चले गए, जहां सुनसान जगह शराब पीते वक्त उमाशंकर ने अपने साथियों को अपशब्द कहे और गाली-गलौज की. इससे सभी आरोपी नाराज़ हो गए और गुस्से में आकर हत्या की साजिश रच डाली.

यह भी पढ़ें: 50 से ज्यादा मर्डर, शवों को मगरमच्छों को ख‍िलाया...'डॉक्टर डेथ' क्र‍िमिनल है या साइकोपैथ? एक्सपर्ट से समझ‍िए

Advertisement

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि हत्या की रात उमाशंकर नशे की हालत में ज़मीन पर बैठा था व गाली-गलौज और हाथापाई करने लगा था. तभी आरोपी पंकज ने पीछे से उसके गले में गमछा डाल दिया और अजय, गौरव, मनोज ने मिलकर उसके हाथ-पैर पकड़ लिए. जबकि नीरज और पंकज ने गमछा कसकर उसका दम घोंट दिया. जब तक उमाशंकर ने दम नहीं तोड़ दिया, गमछा नहीं छोड़ा गया. हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया.

दो दिन बाद सबूत मिटाने के इरादे से आरोपी वापस जंगल में आए और शव पर डीजल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया. 23 मई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने काजमपुर के जंगल से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मौके से हत्या में प्रयुक्त गमछा और शव जलाने के लिए इस्तेमाल की गई 5 लीटर डीजल की कैन बरामद की गई है. मृतक और गिरफ्तार हत्यारे आरोपी एक दूसरे से परिचित और आपस में साथी थे और एक साथ फ्लैक्स लगाने का काम किया करते थे.

आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में हत्या और शव को जलाने का जुर्म स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने हत्या, साजिश और सबूत मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया है. वहीं, हत्या की इस सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस द्वारा जांच के दौरान इलाके के एक चश्मदीद युवक से पता चला था कि अंतिम बार मृतक अपने कुछ साथियों के साथ शराब के नशे में था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »