यूपी के औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के बंथरा गांव में 23 अक्टूबर को 62 वर्षीय अकेली रहने वाली बुजुर्ग महिला भूरी देवी की उनके घर में हत्या कर दी गई थी. अब पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए परिवार की ही एक महिला रेनू सेंगर और उसके साथियों द्वारा लूट की नीयत से रची गई साजिश का पर्दाफाश किया है. घर में चोरी करते वक्त महिला के जाग जाने पर आरोपियों ने तौलिये से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक बाल अपचारी को भी हिरासत में ले लिया है.
फोन कॉन्फ्रेंस पर रची गई थी चोरी और लूट की साजिश
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जांच में सामने आया कि दशहरा से पहले रेनू सेंगर, गोलू और रजित सिंह के बीच फोन कॉन्फ्रेंस के जरिए बातचीत हुई थी. रेनू ने ही भूरी देवी के घर में नकदी और आभूषण होने की जानकारी दी थी और चोरी की पूरी योजना बनाई थी. योजना के तहत ही आरोपियों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था.
शक न हो इसलिए अंतिम संस्कार में भी हुए शामिल
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि 23 अक्टूबर की रात गोलू और एक बाल अपचारी दीवार फांदकर घर में घुसे और चोरी करने लगे. इस दौरान भूरी देवी की नींद खुल गई और विरोध करने पर आरोपियों ने उनका गला दबाकर हत्या कर दी. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि किसी को शक न हो, इसलिए आरोपी महिला के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए थे. घड़ियाली आंसू भी बहाए थे.
पुलिस ने आरोपियों को दबोचा, जेवरात और नकदी बरामद
वारदात के बाद चोरी किए गए सामान का बंटवारा करने के लिए एकत्र हुए आरोपियों को पुलिस ने बेला-बिधूना रोड से धर दबोचा. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 60 ग्राम चांदी की तोड़िया, 15 ग्राम चांदी की 11 बिछिया और 9400 रुपये नकद बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में दानवीर सिंह उर्फ गोलू धाकरे, रेनू सेंगर और रजित सिंह शामिल हैं, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सूर्य प्रकाश शर्मा