UP News: फिरोजाबाद में ताजिए सुपुर्द-ए-खाक 26 जून को होना है. जगह-जगह तय स्थानों पर ताजियों को दफन किया जाएगा. इसे लेकर प्रशासन सतर्क है. जगह-जगह रखे गए ताजियों को प्रशासन चेक करवा रहा है. शांति व्यवस्था बनाए रखने और शासन के तय किए गए मानकों का पालन कराने के लिए खुद जिले के आला अधिकारियों ने सड़कों पर उतरकर कमान संभाल ली है.
अक्सर देखा जाता है कि ताजिया जुलूस के दौरान कई जगहों पर अत्यधिक ऊंचे और लंबे ताजिए होने के कारण सड़क के ऊपर से गुजर रहे बिजली के हाई वोल्टेज तारों से उनके टकराने की आशंका बनी रहती है, जिससे पूर्व में कई बड़े हादसे भी हो चुके हैं. इस बार ऐसी किसी भी अप्रिय घटना और दुर्घटना की संभावना को शून्य करने के लिए प्रशासन बेहद सतर्क है.
गुरुवार को फिरोजाबाद के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) देहात अनुज चौधरी ने शिकोहाबाद, जसराना और सिरसागंज जैसे प्रमुख और संवेदनशील इलाकों का सघन दौरा किया.
इस दौरान उन्होंने हर जगह बारीकी से निरीक्षण किया कि रखे गए ताजिए तय सरकारी मानक के अनुरूप हैं या नहीं. निरीक्षण के दौरान एएसपी अनुज चौधरी खुद हाथों में फीता लेकर कई स्थानों पर ताजियों की लंबाई और ऊंचाई नापते हुए दिखाई दिए. देखें VIDEO:-
DM और SSP ने किया फुट मार्च
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी (DM) संतोष शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आदित्य लांग्हे अपनी पूरी टीम के साथ जिले के संवेदनशील और प्रमुख चौराहों पर लगातार फुट मार्च कर रहे हैं.
आम जनता और आयोजन समितियों को समझाते हुए यह साफ निर्देश दिए जा रहे हैं कि किसी भी हालत में नियमों और मानकों के खिलाफ जाकर काम न किया जाए. ताजियों की लंबाई और उनके दफन करने का जो परंपरागत और तय तरीका है, उसी को अपनाया जाए. अधिकारियों ने दोटूक कहा है कि किसी भी हाल में ऐसी कोई बात या हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी जिससे समाज में वैमनस्यता या अशांति फैले.
शासनादेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई: ASP अनुज चौधरी
इस औचक चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने स्पष्ट रूप से कहा, ''क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी ताजियों की बारीकी से चेकिंग की जा रही है. लोगों और कमेटियों से संवाद कर उन्हें साफ तौर पर हिदायत दी जा रही है कि शासनादेश और सरकारी गाइडलाइंस के खिलाफ कुछ भी न किया जाए. इसी क्रम में आज मानकों को परखने के लिए ताजियों की लंबाई जांची गई है.''
प्रशासनिक इंतजामों से करबला कमेटी बेहद संतुष्ट
दूसरी ओर, प्रशासन की इस सक्रियता और मुस्तैदी का मुस्लिम समाज और धार्मिक कमेटियों ने भी स्वागत किया है. फिरोजाबाद की करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमतुल्लाह ने प्रशासनिक तैयारियों की सराहना करते हुए कहा, "इस बार प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर बहुत ही शानदार इंतजाम किए हैं. हम पूरी तरह से सरकारी गाइडलाइन और नियमों का पालन करेंगे. हम और हमारा पूरा समाज सरकारी इंतजामों से पूरी तरह संतुष्ट है.''
चयनित स्थानों पर ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने के दौरान भी पुलिस बल की भारी तैनाती रहेगी ताकि पूरा कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.
सुधीर शर्मा