UP: पति को पीटकर मांगती रही तलाक, फिर तीन बच्चों संग घर से फरार हुई पत्नी, थाने में केस दर्ज

फतेहपुर जिले में पति-पत्नी विवाद का मामला चर्चा में है. पति का आरोप है कि पत्नी आए दिन मारपीट कर तलाक मांगती थी. तलाक नहीं देने पर महिला तीन मासूम बच्चों को लेकर घर से चली गई. घर से जाते समय महिला सीसीटीवी में कैद हो गई. पति ने नकदी और जेवर ले जाने का भी आरोप लगाया है.

Advertisement
पति ने पत्नी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई. (Photo: Screengrab)  पति ने पत्नी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई. (Photo: Screengrab)

नीतेश श्रीवास्तव

  • फतेहपुर,
  • 08 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:15 PM IST

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पति-पत्नी के विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पत्नी द्वारा पति की पिटाई कर तलाक मांगने और तलाक नहीं मिलने पर तीन मासूम बच्चों को लेकर घर से फरार होने का मामला चर्चा में है. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मामला जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित कबाड़ी मार्केट का बताया जा रहा है. पीड़ित पति सज्जाक ने पुलिस को दी गई तहरीर में पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़ित के मुताबिक उसका निकाह करीब आठ साल पहले सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के सेटी गांव निवासी अफसाना कुरैशी से हुआ था.

Advertisement

पति का कहना है कि शादी के करीब एक साल तक दोनों के बीच सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि पत्नी अक्सर मायके चली जाती थी. एक बार मामला महिला थाने तक पहुंचा, जहां पुलिस के सामने समझौता होने के बाद पत्नी फिर से उसके साथ रहने लगी. पीड़ित के अनुसार इसके बाद भी दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ. उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी आए दिन उससे मारपीट करती थी और लगातार तलाक की मांग कर रही थी. पति का कहना है कि जब उसने तलाक देने से इंकार कर दिया तो महिला घर छोड़कर चली गई.

तलाक नहीं मिला तो बच्चों को लेकर घर से चली गई

सज्जाक ने आरोप लगाया कि घर छोड़ते समय उसकी पत्नी अपने साथ तीनों मासूम बच्चों को भी ले गई. इतना ही नहीं, उसने घर में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद और चांदी के जेवरात भी साथ ले जाने का आरोप लगाया है. घर से निकलते समय महिला बच्चों को लेकर जाती हुई सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. यह फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वहीं दो महीने पहले का एक वीडियो भी वायरल बताया जा रहा है, जिसमें महिला अपने पति की पिटाई करते हुए तलाक मांगती नजर आ रही है.

Advertisement

वायरल वीडियो और CCTV फुटेज की जांच में जुटी पुलिस

दूसरी ओर महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं. फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों के बीच मामला पुलिस तक पहुंच गया है. पीड़ित पति ने थाना कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement