उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां मंगेतर के साथ घूमने निकली एक युवती को तीन युवकों ने जंगल में ले जाकर बंधक बनाया युवती के साथ रेप किया और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी. जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को युवती अपने मंगेतर के साथ खागा क्षेत्र में गई थी. दोनों कुछ समय साथ बिताने के बाद युवती को उसकी मौसी के घर छोड़ने जा रहे थे. रास्ते में नहर पुलिया के पास दोनों कोल्ड ड्रिंक पी रहे थे. इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और कुछ देर बाद अपने दो साथियों को भी बुला लिया.
आरोप है कि तीनों युवकों ने दोनों को डरा-धमकाकर पास के जंगल में ले गए. वहां उन्होंने जबरन दोनों की अश्लील फोटो और वीडियो बनाए. विरोध करने पर युवती और उसके मंगेतर की जमकर पिटाई की गई. इसके बाद एक आरोपी युवराज ने युवती के साथ जबरदस्ती की और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. बताया गया कि युवती को करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया.
मंगेतर के साथ घूम रही युवती के साथ रेप
इस दौरान आरोपियों ने वीडियो बनाकर यह कहलवाने की कोशिश की कि उनके साथ कुछ नहीं हुआ है. साथ ही वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर मंगेतर के मोबाइल से यूपीआई के जरिए 2500 रुपये ललित नाम के शख्स के खाते में ट्रांसफर कराए गए. घटना के बाद दोनों को धमकी देकर छोड़ दिया गया. घटना के बाद डरे-सहमे दोनों अगले दिन थाने पहुंचे, लेकिन वहां उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद वो एसपी कैंप ऑफिस पहुंचे और शिकायत की. मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने जांच के आदेश दिए.
कोतवाल लाइन हाजिर, दो गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच की गई, जिसमें घटना सही पाई गई. थाना स्तर पर कार्रवाई न होने पर खागा कोतवाल को लाइन हाजिर किया गया. साथ ही तीन आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी बबलू अभी भी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.
नीतेश श्रीवास्तव