फरसा वाले बाबा: मथुरा बवाल के बाद पुलिस का एक्शन तेज, करीब दो दर्जन उपद्रवी गिरफ्तार; दक्ष चौधरी भी साथियों संग भेजा गया जेल

मथुरा में गौसेवक चंद्रशेखर उर्फ फर्सा वाले बाबा की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद जमकर हंगामा हुआ. आक्रोशित भीड़ ने हाईवे जाम कर पुलिस पर पथराव और फायरिंग की, जिसमें 23 पुलिसकर्मी घायल हो गए. प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों सहित करीब दो दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Advertisement
मथुरा में हुए बवाल पर पुलिस का एक्शन तेज (Photo- Screengrab) मथुरा में हुए बवाल पर पुलिस का एक्शन तेज (Photo- Screengrab)

aajtak.in

  • मथुरा ,
  • 23 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:10 AM IST

Uttar Pradesh News: मथुरा के कोसीकलां थाना क्षेत्र में 21 मार्च की सुबह घने कोहरे के बीच सड़क हादसे में प्रसिद्ध गौसेवक चंद्रशेखर उर्फ फर्सा वाले बाबा की मौत हो गई. यह दुर्घटना तब हुई जब बाबा ने शक के आधार पर एक किराने के सामान से लदे कंटेनर को रुकवाया था और पीछे से आए एक अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी. इस घटना के बाद आक्रोशित समर्थकों ने छाता कस्बे के पास एनएच-19 पर शव रखकर जाम लगा दिया. भीड़ ने समझाने आए पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों पर जानलेवा हमला करते हुए पथराव और फायरिंग की. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और अब तक करीब दो दर्जन उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है.

Advertisement

हादसे को हत्या बताकर फैलाया गया भ्रम

मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश ने स्पष्ट किया कि बाबा जी की मृत्यु एक सड़क दुर्घटना थी, जिसका गोवंश तस्करी से कोई संबंध नहीं है. हादसे में ट्रक ड्राइवर की भी मौत हुई है. कुछ शरारती तत्वों ने इसे हत्या का रूप देकर अफवाह फैलाई और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश की. बाबा जी का गौ सेवा में बड़ा योगदान था, जिसे देखते हुए प्रशासन ने उनकी गौशाला की सुरक्षा और स्मारक बनाने जैसी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है. 

यह भी पढ़ें: धीरेंद्र शास्त्री के आह्वान पर वृंदावन में जबरन शराब ठेका बंद कराने वाले हिंदूवादी नेताओं पर एक्शन, दक्ष चौधरी सहित 20 पर FIR

पुलिस पर हमला और गिरफ्तारियां

एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, प्रदर्शनकारियों के पथराव और फायरिंग में लगभग 23 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और सरकारी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया है. पुलिस ने गांडीव हर यक्ष ऐप और वीडियो फुटेज की मदद से 23 नामजद और सैकड़ों अज्ञात लोगों को चिन्हित किया है. गिरफ्तार किए गए 15 अभियुक्तों में गाजियाबाद का दक्ष चौधरी भी शामिल है. इनके पास से खोखा कारतूस, लाठी-डंडे और 15 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं.

Advertisement

गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

थाना छाता पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं, 7 सीएलए एक्ट और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस की टीमें अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रख रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement