उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में 26 वर्षीय ब्यूटीशियन और इवेंट ऑर्गेनाइजर कोमल मिश्रा ने गले में चादर से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना से ठीक पहले उन्होंने अपने मोबाइल से एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने रूबी खान, सबीना खान, अभिषेक और रितेश पर जिंदगी बर्बाद करने तथा ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया. कोमल ने यह वीडियो अपने पति सौरभ द्विवेदी को भेजा और फिर आत्मघाती कदम उठा लिया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पूरा मामला थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित वृंदावन कॉलोनी का है.
सुसाइड वीडियो में पति की तारीफ, 4 दोस्तों को बताया जिम्मेदार
रिकॉर्ड किए गए वीडियो में कोमल ने अपने पति सौरभ द्विवेदी को अच्छा इंसान बताते हुए उनकी निर्दोषता जाहिर की. उन्होंने बताया कि रूबी खान, सबीना खान, अभिषेक और रितेश उन्हें शादी से पहले की निजी बातों को पति और ससुराल वालों के सामने उजागर करने की धमकी देकर लगातार परेशान कर रहे थे. इस वजह से वह अत्यधिक मानसिक तनाव में थीं.
पति ने एआई वीडियो से ब्लैकमेलिंग का जताया अंदेशा
बढ़पुरा ब्लॉक में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत पति सौरभ द्विवेदी ने बताया कि साढ़े तीन साल पहले उनकी लव मैरिज हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं. जयपुर से लौटने के बाद दोस्त कोमल को एआई से वीडियो और फोटो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे थे. वीडियो मिलते ही सौरभ उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच प्रक्रिया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया. पुलिस के अनुसार मृतका के मोबाइल फोन से वीडियो मिले हैं. पुलिस इन वीडियो और मिले तथ्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की बात कह रही है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
अमित तिवारी