उत्तर प्रदेश के एटा जिले में नगला मिश्री गांव की रहने वाली 32 साल की एक महिला की अबॉर्शन से जुड़ी दिक्कतों के इलाज के दौरान मौत हो गई. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. पुलिस के मुताबिक मृतक महिला शिवा के परिवार वालों ने उसके लिव-इन पार्टनर अश्वनी पर उसे अबॉर्शन के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है.
अधिकारी के अनुसार जब उसका शव गांव पहुंचा, तो परिवार ने पहले अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया, लेकिन पुलिस के दखल के बाद वे मान गए. साकीत के सर्कल ऑफिसर नितेश गर्ग ने बताया कि शिवा की शादी हरियाणा के रेवाड़ी के रहने वाले सुनील से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद वह अपने पति को छोड़कर अपने मायके लौट आई थी.
10 दिनों बाद अचानक बिगड़ गई थी तबीयत
इस दौरान वह गांव के ही रहने वाले अश्वनी के साथ रोमांटिक रिश्ते में आ गई और दोनों करीब डेढ़ साल से साथ रह रहे थे. परिवार के अनुसार 10 दिन पहले अचानक शिवा की तबीयत बिगड़ गई. अश्वनी पहले उसे एटा के एक अस्पताल और बाद में आगरा के एक अस्पताल ले गया, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
जैसे ही शव गांव पहुंचा, अश्वनी वहां से भाग गया. शिवा के मामा रजनीश ने आरोप लगाया कि अश्वनी ने शिवा को अबॉर्शन के लिए मजबूर किया था. उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के बाद उसे पेट में तेज दर्द होने लगा और उसकी हालत बिगड़ती चली गई. सीओ ने कहा कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी. शिवा के परिवार में उसके दो बच्चे हैं.
aajtak.in