बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री एक बार फिर विवादों में हैं. समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उनका एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें धीरेंद्र शास्त्री कहते सुनाई दे रहे हैं कि 'राम जी के पांच बाप थे'. इस वीडियो को लेकर अखिलेश ने नाराजगी जताई और धीरेंद्र शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की.
अखिलेश ने आरोप लगाया कि पहले भगवान कृष्ण और अब भगवान राम को लेकर अपमानजनक बातें की जा रही हैं. उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है. पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया अब भगवान राम के पिता के बारे अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है. सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इसके सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं. अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे'.
यह भी पढ़ें: भगवान राम और कृष्ण पर टिप्पणी कर घिरे धीरेंद्र शास्त्री, विवाद बढ़ने पर मांगी माफी
अखिलेश यादव ने अपने बयान में भी धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, 'सुनने में आ रहा है आपको और हमको कि बाबा विश्वनाथ की धरती पर कोई सनातनी चुप क्यों है. एक बाबा है जो अपमानित कर रहे है. पहले प्रभु श्री कृष्णा को अपमानित किया और अब सुनने में आया है कि प्रभु श्री राम के पिता जी का अपमान कर रहे हैं.'
भगवान कृष्ण पर टिप्पणी को लेकर भी हुआ था विवाद
धीरेंद्र शास्त्री इससे पहले भगवान कृष्ण को लेकर अपनी टिप्पणी के कारण विवादों में घिरे थे. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह भगवान राम और कृष्ण की तुलना करते हुए कृष्ण के खड़े होने के अंदाज, कमर और गर्दन की मुद्रा और बांसुरी बजाने को लेकर टिप्पणी करते सुनाई दिए थे. इस पर सांसद पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए संसद मार्ग थाने का रुख किया था.
विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने भाव में ठाकुर जी को उलाहना दिया था और उनके वीडियो का आधा हिस्सा देखकर उन्हें कृष्ण विरोधी बताया जा रहा है. उन्होंने कहा था कि उनका मकसद भगवान राम और कृष्ण में भेद पैदा करना नहीं था. दोनों एक ही हैं और उनमें कोई अंतर नहीं है. उन्होंने यह भी कहा था, 'फिर भी हमारी बात या भाव से किसी को ठेस पहुंची हो तो हम क्षमा प्रार्थी हैं.'
यह भी पढ़ें: धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ FIR दर्ज कराने पहुंचे पप्पू यादव, भगवान कृष्ण पर टिप्पणी को लेकर हंगामा
काशी विश्वनाथ के दर्शन पर भी अखिलेश ने दिया जवाब
ओम प्रकाश राजभर के इस सवाल पर कि क्या वह बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने नहीं जाएंगे, अखिलेश ने वाराणसी के दालमंडी में बुलडोजर कार्रवाई की तस्वीर दिखाते हुए कहा, 'क्या आप ये भूल जाओगे? ये तस्वीर देखो ये भूलने वाली नहीं है.' उन्होंने कहा कि बनारस में प्राइमरी स्कूल बंद हो रहे हैं. अखिलेश ने आरोप लगाया कि मां गंगा ने इन्हें बुलाया और ये मां गंगा को ही भूल गए.
दर्शन करने के सवाल पर अखिलेश ने कहा, 'हमारे बाबा विश्वनाथ और केदारेश्वर घर पर बना दिए और हम बिना पूजा हाथ जोड़े निकलते नहीं है'. उन्होंने कहा कि वह इन नकली सनातनियों से पूछेंगे कि भगवान कृष्ण और भगवान राम के बारे में क्या कहा जा रहा है. देश के लोग इन बयानों से दुखी हैं.
aajtak.in