मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सिंगापुर दौरे के पहले दिन उत्तर प्रदेश के लिए ₹6,650 करोड़ के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर किए. यह बड़ी कामयाबी सिंगापुर स्थित यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप के साथ हुई बैठक में मिली, जिसमें ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और डेटा सेंटर जैसे रणनीतिक क्षेत्रों के लिए तीन एमओयू साइन किए गए.
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की बेहतर कनेक्टिविटी और पारदर्शी नीतियों का हवाला देते हुए वैश्विक निवेशकों को आमंत्रित किया. इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से राज्य के लगभग 20,000 युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
जेवर में बनेगी इंटरनेशनल टाउनशिप
यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप के साथ हुए समझौते के तहत जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास 100 एकड़ जमीन पर एक इंटरनेशनल थीम आधारित टाउनशिप विकसित की जाएगी. इस भव्य प्रोजेक्ट में ₹3,500 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है, जिससे करीब 12,000 लोगों को रोजगार मिलेगा. यह टाउनशिप आधुनिक शहरी सुविधाओं से लैस होगी और जेवर के आसपास तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र को एक नई वैश्विक पहचान दिलाएगी. इसे साल 2027 तक शुरू करने की योजना है.
लॉजिस्टिक्स और डेटा सेंटर का हब बनेगा यूपी
निवेश का दूसरा बड़ा हिस्सा कानपुर-लखनऊ हाईवे पर 50 एकड़ में बनने वाले लॉजिस्टिक्स पार्क पर खर्च होगा. ₹650 करोड़ की इस परियोजना से 7,500 नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है. इसके अलावा, नोएडा या ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में ₹2,500 करोड़ की लागत से एक हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जाएगा, जिसकी क्षमता 40 मेगावाट होगी. मुख्यमंत्री ने इस समूह को डेटा सेंटर सुविधाओं की संभावनाओं को और विस्तार देने के लिए लखनऊ आने का न्योता भी दिया.
वित्तीय और ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में बड़ी चर्चा
दौरे के दौरान सीएम योगी ने डीबीएस बैंक (DBS Bank) की सीईओ टैन सू शान के साथ भी अहम बैठक की. इस बैठक में ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे भविष्य के क्षेत्रों में सहयोग पर सकारात्मक चर्चा हुई. डीबीएस बैंक ने उत्तर प्रदेश के सहकारी बैंकों के डिजिटलीकरण में रुचि दिखाई है, जिससे ग्रामीण इलाकों के किसानों को बेहतर वित्तीय सेवाएं मिल सकेंगी. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यूपी अब ग्लोबल कैपिटल के लिए सबसे पसंदीदा गंतव्य बन चुका है.
समर्थ श्रीवास्तव