महिला बनकर मांगते थे लिफ्ट, करते थे लूट की वारदात... पकड़े गए हाईवे के लुटेरे

चंदौली में पुलिस ने एनकाउंटर के बाद हाईवे पर लूट करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है. यह गैंग रात के समय ट्रक चालकों को निशाना बनाता था और एक सदस्य महिला का भेष बदलकर लिफ्ट मांगता था. लूट की शिकायत मिलने के बाद पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी. सभी आरोपियों पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement
ट्रक ड्राइवर से 40000 रुपये लूट लिए. Photo ITG ट्रक ड्राइवर से 40000 रुपये लूट लिए. Photo ITG

उदय गुप्ता

  • चंदौली,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:08 PM IST

उत्तर प्रदेश के चंदौली में पुलिस ने एनकाउंटर के बाद हाईवे पर लूट और छिनैती करने वाले एक ऐसे गैंग को पकड़ा है जो भेष बदलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया करते थे. मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने इस मामले में चार लुटेरों को गिरफ्तार किया है. जिसमे एक बदमाश के पैर में पुलिस की गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है. 

Advertisement

कैसे करते थे लूट?
यह सभी बदमाश नेशनल हाईवे पर रात के समय ट्रक चालकों को अपना निशाना बनाया करते थे. लेकिन लूट को अंजाम देने का जो तरीका था वह काफी हैरान कर देने वाला है. इनमें से एक बदमाश बाकायदा महिला का रूप धारण कर लेता था और हाईवे पर खड़ा हो जाता था.

लिफ्ट लेने के बहाने ट्रक चालकों को रोकता था. जैसे ही ट्रक या अन्य कोई वाहन लिफ्ट देने के लिए रुकता था. उसके बाद पास में ही छुपे इस गैंग के शातिर सदस्य वहां पहुंच जाते थे और लूट की घटना को अंजाम देते थे.

ट्रक ड्राइवर ने पुलिस में कंप्लेंट दर्ज कराई
दरअसल, 2 दिन पहले चंदौली में एक ट्रक ड्राइवर ने पुलिस में कंप्लेंट दर्ज कराया कि हाईवे पर रात में महिला ने लिफ्ट लेने के लिए उसे रोका. जैसे ही उसने ट्रक को रोका, तो इस महिला के साथी भी वहां पहुंच गए और असलहा के दम पर डरा धमका कर तकरीबन 40000 रुपये लूट लिया. ट्रक चालक ने यह भी बताया कि जिस महिला ने लिफ्ट लेने के लिए हाथ दिया था वह कोई महिला नहीं थी बल्कि महिला के भेष में एक युवक था.

Advertisement

ट्रक ड्राइवर की शिकायत पर चंदौली पुलिस और एसओजी टीम ने अपना जाल बिछाया. पुलिस को जानकारी मिली की रात में यह गैंग फिर अपना शिकार तलाशने और वारदात को अंजाम देने के लिए हाईवे के पास मौजूद है. उसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की. पुलिस टीम से अपने आप को घिरता देख इन चारों बदमाशों में शामिल एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दिया और फरार होने की कोशिश करने लगा. 

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और पुलिस की गोली से यह बदमाश घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने इन चारों को गिरफ्तार कर लिया. जिसमें एक बदमाश बिहार के मोहनिया का रहने वाला है जबकि तीन अन्य बदमाश चंदौली जनपद के सैयद राजा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस इन सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है.

क्या बोले डिप्टी एसपी देवेंद्र कुमार?
डिप्टी एसपी चंदौली देवेंद्र कुमार ने बताया कि नेशनल हाईवे पर एक गिरोह सक्रिय था, जो कभी महिला बनकर और कभी सामान्य रूप में ट्रक ड्राइवरों से लूटपाट करता था. 16-17 की रात एक ट्रक ड्राइवर से लूट की घटना के बाद मामला दर्ज किया गया था. पुलिस और एसओजी टीम को सूचना मिली कि आरोपी भगवान तालाब के पास हाईवे पर मौजूद हैं. घेराबंदी के दौरान मोहनिया (बिहार) निवासी उपेंद्र ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई. आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement