चंद लाइक्स के लिए मौत से खेलते दिखे युवक, Reel के चक्कर में नदी में उतारी थार, फिर जो हुआ उसने सबको डरा दिया

बिजनौर के कालागढ़ में सोशल मीडिया रील बनाने के लिए युवकों ने थार गाड़ी को रामगंगा नदी के तेज बहाव में उतार दिया. गाड़ी पानी में बहने लगी तो वहां नहा रहे युवकों ने उसे बचाया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और गाड़ी मालिक की तलाश की जा रही है.

Advertisement
तेज बहाव में बहने लगी थार. (Photo: Screengrab) तेज बहाव में बहने लगी थार. (Photo: Screengrab)

संजीव शर्मा (बिजनौर)

  • बिजनौर ,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:49 PM IST

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के कालागढ़ इलाके से सोशल मीडिया रीलबाजी का एक खतरनाक मामला सामने आया है. यहां कुछ युवकों ने चंद लाइक और व्यूज़ पाने के लिए अपनी और दूसरों की जान खतरे में डाल दी. युवकों ने एक नई थार गाड़ी को रामगंगा नदी के तेज बहाव और गहरे पानी के बीच उतार दिया. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक थार गाड़ी को नदी के अंदर लेकर जाते हैं और वहां खड़े होकर रील बना रहे हैं. इसी दौरान नदी का तेज बहाव गाड़ी को अपनी चपेट में लेने लगता है. कुछ ही देर में थार पानी में बहने लगती है। मौके पर मौजूद लोग यह नजारा देखकर घबरा जाते हैं.

Advertisement

बताया जा रहा है कि उसी समय नदी में नहा रहे कुछ युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए गाड़ी को बचाने की कोशिश की. काफी मशक्कत के बाद गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला गया. अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था. जानकारी के मुताबिक यह मामला बिजनौर के कालागढ़ क्षेत्र का है. यहां लगातार लोग सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए खतरनाक स्टंट और रील बना रहे हैं. अब इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोग भी नाराज दिखाई दे रहे हैं.

बिना नंबर की नई थार को नदी में ले जाने पर पुलिस जांच तेज

वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि गाड़ी के आसपास काफी भीड़ जमा है. कई युवक गाड़ी के ऊपर चढ़कर वीडियो बना रहे हैं. तेज बहाव और गहरे पानी के बीच इस तरह की लापरवाही को देखकर लोग हैरान हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ सेकंड की सोशल मीडिया लोकप्रियता के लिए लोग अपनी जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नदी और डैम जैसे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और ऐसे स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो.

Advertisement

उधर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर गाड़ी और उसमें मौजूद युवकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. हालांकि वीडियो में गाड़ी का नंबर साफ दिखाई नहीं दे रहा, जिससे पहचान करने में दिक्कत हो रही है. सूत्रों के मुताबिक यह थार गाड़ी उत्तराखंड के जसपुर इलाके की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ युवकों ने हाल ही में दो नई थार गाड़ियां खरीदी थीं और उन्हीं की रील बनाने के लिए वे रामगंगा नदी पहुंचे थे. इसी दौरान एक थार को नदी के अंदर उतार दिया गया.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग

जानकारी यह भी सामने आई है कि दोनों गाड़ियों का अभी रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ था, इसलिए उन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी. यही वजह है कि पुलिस को वाहन मालिक तक पहुंचने में परेशानी हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस तरह की रीलबाजी पर रोक नहीं लगी तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की तलाश जारी है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement