बिजनौर जिले के धामपुर में एक परिवार के साथ झाड़-फूंक और पूजा के नाम पर करीब 70 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है. आरोप है कि बेटे की तबीयत खराब होने का फायदा उठाकर परिवार को डराया गया और उसे बचाने के नाम पर अलग-अलग जगहों पर पूजा कराई गई. इसके बाद मकान बेचने, जेवर बेचने और नौकरी के नाम पर कर्ज लेने तक के जरिए परिवार से बड़ी रकम ले ली गई. मामले में धामपुर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
मामला नंगला नैंसी गांव के रहने वाले संदीप कुमार के परिवार से जुड़ा है. संदीप के बेटे यक्ष की तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी. इसी दौरान संदीप के परिचित मोनू चौधरी ने उसे एक कथित पहाड़ी पंडित से मिलवाया. आरोप है कि इसके बाद परिवार को बताया गया कि यक्ष की जान खतरे में है और उसे बचाने के लिए विशेष पूजा और झाड़-फूंक करानी होगी. परिवार को दारागंज, हरिद्वार और श्यामपुर कांगड़ी स्थित काली माता मंदिर समेत कई जगहों पर ले जाया गया. इस दौरान ऐसा माहौल बनाया गया कि परिवार डर गया और बेटे की जान बचाने के लिए बताए गए तरीके अपनाता चला गया.
मकान बेचने से लेकर कर्ज लेने तक की नौबत
पुलिस के मुताबिक, इसी डर का फायदा उठाकर परिवार से अलग-अलग तरीकों से पैसे लिए गए. संदीप का धामपुर स्थित मकान करीब 38 लाख रुपये में बिकवाया गया. इसके अलावा उसकी पत्नी के करीब 13 तोले सोने और 500 ग्राम चांदी के जेवर भी करीब 14 लाख रुपये में बिकवाए गए.
इतना ही नहीं, संदीप की नौकरी के आधार पर करीब 13 लाख रुपये का कर्ज भी लिया गया. पूजा और दूसरी सामग्री के नाम पर करीब 5 लाख रुपये और लिए गए. पुलिस के अनुसार इस तरह परिवार से करीब 70 लाख रुपये लिए गए. आरोप है कि परिवार को इतना डराया गया था कि उन्हें किसी और को इस बारे में बताने से भी रोका गया. इसके लिए 10 रुपये के स्टाम्प पर लिखवाया गया कि अगर उन्होंने किसी को यह बात बताई तो काली माता के प्रकोप से उनकी मौत हो जाएगी.
बेटे की बीमारी बनी परिवार को फंसाने की वजह
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि यक्ष की तबीयत खराब होने के बाद मोनू चौधरी ने परिवार को पहाड़ी पंडित से मिलवाया था. पुलिस का कहना है कि इसके बाद पहले से बनाई गई योजना के तहत परिवार को बेटे की जान का खतरा बताया गया और पूजा-पाठ के नाम पर उन्हें अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया.
इसी दौरान परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मकान, जेवर और कर्ज के जरिए रकम जुटाई गई. पुलिस के मुताबिक मिली रकम का कुछ हिस्सा घर का सामान खरीदने समेत दूसरे खर्चों में इस्तेमाल किया गया.
कार और 1.04 लाख रुपये भी बरामद
धामपुर पुलिस ने सोमवार, 5 अक्टूबर को मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में पहाड़ी पंडित उर्फ संजय शर्मा, मोनू चौधरी उर्फ देशपाल, यश चौधरी और कोमल सिंह शामिल हैं.
पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई डिजायर कार और 1 लाख 4 हजार रुपये नकद बरामद करने की बात कही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है. पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में धामपुर थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम शामिल रही.
ऋतिक राजपूत