UP: शादी के दिन दारोगा दूल्हे को मिली धमकी, बारात रुकी, दुल्हन ने प्रेमी से की शादी

बस्ती में शादी के दिन दूल्हा बने दारोगा को दुल्हन के प्रेमी ने धमकी दी, जिसके बाद उसने बारात ले जाने से इनकार कर दिया. दुल्हन पक्ष के समझाने के बावजूद दूल्हा नहीं माना. आखिरकार दुल्हन की शादी उसके प्रेमी से कर दी गई. पुलिस को सूचना दी गई लेकिन कोई तहरीर नहीं दी गई है.

Advertisement
प्रेमी ने दूल्हे को धमकी देकर प्रेमिका से की शादी (Photo: Screengrab) प्रेमी ने दूल्हे को धमकी देकर प्रेमिका से की शादी (Photo: Screengrab)

संतोष सिंह

  • बस्ती ,
  • 21 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:35 PM IST

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के दिन ही पूरा घटनाक्रम बदल गया. दूल्हा बने एक दारोगा की बारात निकलने से पहले ही दुल्हन के प्रेमी ने पहुंचकर धमकी दे दी. इसके बाद दारोगा ने बारात ले जाने से इनकार कर दिया और आखिर में दुल्हन की शादी उसी के प्रेमी से कर दी गई.

Advertisement

यह पूरा मामला दुबौलिया थाना क्षेत्र के पकड़ी चौहान गांव का है. यहां रहने वाले जान मेजर वर्मा, जो लखनऊ में दारोगा के पद पर तैनात हैं, उनकी शादी बस्ती के मड़वानगर गांव की मनीषा चौधरी से तय हुई थी. शादी की तारीख 20 अप्रैल रखी गई थी और उसी दिन बारात निकलनी थी.

शादी के दिन दूल्हे के घर पर तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. रिश्तेदारों का आना शुरू हो गया था और दूल्हा शेरवानी पहनकर पूरी तरह तैयार था. बारात को बस्ती शहर के होटल ग्रीन वैली में जाना था. इसी बीच अचानक एक युवक कार लेकर दूल्हे के घर पहुंच गया.

बारात ले जाने पर जान से मारने की दी धमकी

युवक ने खुद को दुल्हन का प्रेमी बताया और दूल्हे को धमकी देते हुए कहा कि अगर वह बारात लेकर गया तो सही सलामत वापस नहीं आएगा. यह सुनकर दूल्हा और उसके परिवार वाले हैरान रह गए. जब परिवार के लोगों ने युवक को पकड़ने की कोशिश की तो वह अपनी कार छोड़कर मौके से फरार हो गया. 

Advertisement

इस घटना के बाद दूल्हे के परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की. लेकिन इस पूरे घटनाक्रम का असर दूल्हे पर साफ दिखा और उसने बारात लेकर जाने से साफ इनकार कर दिया.

उधर, दुल्हन के घर वाले बारात का इंतजार कर रहे थे. जब उन्हें इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने दूल्हे और उसके परिवार को समझाने की कोशिश की. काफी मान-मनौव्वल के बाद भी दूल्हा बारात लेकर जाने के लिए तैयार नहीं हुआ. इसके बाद दूल्हे ने पूरी घटना दुल्हन के परिवार को बता दी.

स्थिति को देखते हुए दुल्हन के परिवार ने मजबूरी में बड़ा फैसला लिया. आखिर में दुल्हन की शादी उसके प्रेमी से ही करा दी गई. इस तरह एक ही दिन में शादी का पूरा मामला पलट गया और दूल्हा बिना बारात निकाले ही रह गया.

पुलिस को दी गई सूचना, लेकिन अब तक कोई तहरीर नहीं

इस पूरे मामले पर दुबौलिया थानाध्यक्ष ने बताया कि अगर पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर दी जाती है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल दारोगा दूल्हे की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. शादी के दिन अचानक बदले हालात और प्रेमी की धमकी ने पूरे मामले को सनसनीखेज बना दिया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement