बरेली: दूसरे धर्म के लड़के से अफेयर पर बेटी की हत्या, पिता और भाइयों ने घोंटा गला; पुलिस ने श्मशान से जब्त की लाश

Bareilly Honour Killing: बरेली में ऑनर किलिंग की रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. दूसरे धर्म के प्रेमी से फोन पर बात करने से नाराज पिता और भाइयों ने 18 वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और बीमारी का बहाना बनाकर चुपचाप अंतिम संस्कार करने लगे.

Advertisement
बरेली ऑनर किलिंग के बाद जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस (Photo- ITG) बरेली ऑनर किलिंग के बाद जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस (Photo- ITG)

कृष्ण गोपाल राज

  • बरेली ,
  • 28 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:25 PM IST

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक पिता और उसके दो बेटों ने अपनी 18 वर्षीय बेटी की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी. युवती गांव के ही दूसरे धर्म के एक लड़के से लंबे समय से प्रेम प्रसंग में थी और उससे शादी करना चाहती थी. 24 मई को पिता ने बेटी को प्रेमी से बात करते सुन लिया था, जिसके बाद उसका फोन छीनकर पिटाई की गई थी. इसके बाद बीते मंगलवार की रात को पिता-भाई इस हत्याकांड को अंजाम देकर शव का अंतिम संस्कार करने पहुंच गए. लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रोक लिया. 

Advertisement

चोरी-छिपे अंतिम संस्कार की तैयारी, पुलिस ने फेरा पानी

थाना सिरौली क्षेत्र में हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता महेंद्र ने पूरे गांव में यह कहानी फैला दी कि उसकी बेटी क्रांति की मौत रात में अचानक बीमारी की वजह से हुई है. परिवार वाले इस खौफनाक राज को हमेशा के लिए दफन करने के इरादे से बिना किसी को सूचना दिए बेहद गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार की तैयारियां कर रहे थे. इसी बीच किसी जागरूक व्यक्ति ने पुलिस को मामले की भनक दे दी. सूचना मिलते ही सिरौली थाना पुलिस बल के साथ श्मशान घाट की तरफ दौड़ पड़ी और शव को अपने कब्जे में ले लिया.

पोस्टमार्टम से खुली पोल, गले पर मिले गहरे निशान

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर जब पोस्टमार्टम कराया, तो आरोपियों की बनाई मनगढ़ंत कहानी ताश के पत्तों की तरह ढह गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो गया कि युवती की मौत किसी बीमारी से नहीं, बल्कि गला दबाने की वजह से हुई है. मृतका के गले पर घोंटे जाने के गहरे निशान पाए गए. इस खुलासे के बाद यह साफ हो गया कि यह मामला सीधे तौर पर ऑनर किलिंग का है, जहां इज्जत की खातिर अपनों ने ही अपनी बेटी का खून कर दिया.

Advertisement

चाचा की तहरीर पर केस दर्ज, तीनों हत्यारे हिरासत में

इस पूरी सनसनीखेज वारदात के बाद मृतका क्रांति के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस ने युवती के पिता महेंद्र और उसके दोनों भाइयों आकाश व अमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है. क्षेत्राधिकारी अजय कुमार ने बताया कि थाने पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौका मुआयना और पोस्टमार्टम कराया गया. मृतका के चाचा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे के सबूत जुटाए जा रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »