नीले ड्रम वाली 'मुस्कान' से भी खतरनाक निकली 'उर्मिला', प्रेमी से मरवा डाला पति और WhatsApp पर लेती रही मर्डर का लाइव अपडेट

बागपत के बड़ौत में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी उर्मिला और उसके प्रेमी सिकंदर को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उर्मिला ने पति प्रमोद को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी को नींद की गोलियां दीं. सिकंदर ने हत्या के दौरान WhatsApp पर अपडेट दिए. हत्या की पुष्टि होते ही उर्मिला ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया.

Advertisement
महिला ने प्रेमी से कराया पति का मर्डर. (Photo: ITG) महिला ने प्रेमी से कराया पति का मर्डर. (Photo: ITG)

मनुदेव उपाध्याय

  • बागपत ,
  • 21 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:46 PM IST

उत्तर प्रदेश के बागपत में पति की हत्या की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया. आरोप है कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या की साजिश रची. हत्या के दौरान वह WhatsApp पर प्रेमी से लगातार जानकारी लेती रही. जैसे ही प्रेमी ने पति की हत्या की पुष्टि की, पत्नी ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया. पुलिस के मुताबिक, इस साजिश में पति को शराब पिलाने से लेकर CCTV कैमरों से बचने तक की योजना बनाई गई थी. पुलिस ने मामले में आरोपी पत्नी उर्मिला और उसके प्रेमी सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement

यह मामला बागपत जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के कोताना गांव का है. 18 अक्टूबर 2026 को गांव के रहने वाले करीब 50 वर्षीय प्रमोद उर्फ मोगली का शव उसके खेत में ट्यूबवेल के पास मिला था. प्रमोद घर से रामलीला देखने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. काफी देर तक घर नहीं पहुंचने के बाद जब उसके शव मिलने की खबर आई, तो परिवार में कोहराम मच गया.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. शुरुआत में मामला हत्या का लग रहा था. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई प्रमोद की पत्नी उर्मिला और उसके प्रेमी सिकंदर की तरफ घूम गई. पूछताछ और जांच में जो बातें सामने आईं, उनसे इस मामले में प्रेम संबंध और हत्या की कथित साजिश की परतें खुलने लगीं.

Advertisement

पति की दुकान किराये पर लेकर करता था बाइक रिपेयरिंग

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सिकंदर प्रमोद की दुकान किराये पर लेकर बाइक रिपेयरिंग का काम करता था. इसी दौरान उसकी पहचान प्रमोद की पत्नी उर्मिला से हुई. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए. आरोप है कि दोनों चोरी-छिपे होटलों में भी मिलने लगे थे.

कुछ समय बाद प्रमोद के बेटे को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई. इसके बाद सिकंदर ने प्रमोद के घर आना बंद कर दिया, लेकिन दोनों के बीच फोन पर बातचीत जारी रही. पुलिस पूछताछ के मुताबिक, उर्मिला अपने प्रेमी सिकंदर के साथ देहरादून जाकर नई जिंदगी शुरू करना चाहती थी. आरोप है कि इसी इच्छा के चलते दोनों ने प्रमोद को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को उर्मिला ने सिकंदर को अपने घेर पर बुलाया और उसे दो गोलियां दीं. आरोप है कि इन गोलियों को प्रमोद की शराब में मिलाकर उसे अधिक नशे में करने और फिर उसकी हत्या करने की योजना थी. इसके बाद सिकंदर ने कथित तौर पर प्रमोद को कोताना के प्राथमिक विद्यालय के पास शराब का एक क्वार्टर दिया और उसे अपने ट्यूबवेल पर जाने के लिए कहा. सिकंदर खुद चखना लेकर खेतों के रास्ते ट्यूबवेल की तरफ पहुंचा. पुलिस के मुताबिक, उर्मिला ने उसे CCTV कैमरों से बचने के लिए सड़क के रास्ते नहीं जाने की सलाह दी थी. इसी वजह से सिकंदर खेतों के रास्ते वहां पहुंचा.

Advertisement

पुलिस की जांच में सामने आया कि ट्यूबवेल पर पहुंचने के बाद सिकंदर ने प्रमोद की शराब में उर्मिला की ओर से दी गई गोलियां मिला दीं. इसके बाद घटनाक्रम ने ऐसा मोड़ लिया, जिसका अंत प्रमोद की मौत के रूप में हुआ. इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू पुलिस के मुताबिक WhatsApp पर हुई बातचीत है. आरोप है कि वारदात के दौरान सिकंदर लगातार उर्मिला के संपर्क में था. उर्मिला उससे पूछती रही कि वहां क्या हो रहा है और हत्या की स्थिति क्या है. इस तरह वह पति की हत्या के बारे में प्रेमी से लगातार अपडेट लेती रही.

पुलिस के अनुसार, जब प्रमोद को नशा होने लगा तो सिकंदर ने उसे जमीन पर गिराने की कोशिश की. प्रमोद ने विरोध किया तो सिकंदर ने शराब की खाली बोतल से उसके सिर पर तीन से चार वार किए. बोतल टूटने के बाद उसके आधे टूटे हिस्से से भी हमला किया गया. आरोप है कि प्रमोद के बेहोश हो जाने के बाद सिकंदर उसे ट्यूबवेल से करीब 20 से 25 कदम दूर ईख के खेत में खींचकर ले गया. वहां उसकी मौत की पुष्टि करने के बाद वह घटनास्थल से चला गया. इस दौरान उर्मिला WhatsApp पर उससे संपर्क बनाए हुए थी.

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद सिकंदर रामलीला देखने चला गया। वहां पहुंचने पर उर्मिला का WhatsApp मैसेज आया, जिसमें उसने घटना के बारे में पूछा. सिकंदर ने उसे हत्या को अंजाम दिए जाने की पुष्टि कर दी. इसके बाद उर्मिला ने सिकंदर से कहा कि वह उसे ब्लॉक कर रही है और जरूरत पड़ने पर खुद फोन करेगी.

Advertisement

जांच में एक और अहम बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, उर्मिला द्वारा संदेश डिलीट किए जाने से पहले सिकंदर ने WhatsApp पर हुई बातचीत के कुछ स्क्रीनशॉट ले लिए थे. ये स्क्रीनशॉट और दूसरे साक्ष्य पुलिस की जांच में अहम कड़ी बने.  जिस बातचीत के जरिए दोनों के बीच संपर्क हुआ, वही कथित तौर पर मामले की जांच में महत्वपूर्ण साबित हुई.

ग्रामीण विजयपाल के मुताबिक, प्रमोद ट्यूबवेल के पास संदिग्ध हालत में पड़ा मिला था. वहां चप्पल और खून के निशान भी मिले. प्रमोद घर से रामलीला देखने की बात कहकर निकला था. ग्रामीण के अनुसार, बोतल से हमला कर उसका चेहरा कुचल दिया गया था. इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. परिवार के लिए यह विश्वास करना मुश्किल था कि प्रमोद की हत्या के पीछे उसकी पत्नी और उसके परिचित का नाम सामने आ सकता है. पुलिस ने घटनास्थल से मिले तथ्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई.

पुलिस ने पत्नी और प्रेमी को किया गिरफ्तार

बड़ौत कोतवाली पुलिस के मुताबिक, प्रमोद की हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी. इसी दौरान जांच में उसकी पत्नी उर्मिला और सिकंदर के नाम सामने आए. पुलिस का कहना है कि दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी और उसी के तहत वारदात को अंजाम दिया गया. फिलहाल पुलिस ने उर्मिला और सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में पति की हत्या की कथित साजिश, शराब में गोलियां मिलाने, CCTV से बचने की योजना और WhatsApp पर बातचीत जैसे पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण रही. पुलिस की जांच में सामने आई कहानी ने एक बार फिर रिश्तों के भीतर छिपे अपराध और विश्वासघात को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »