उत्तर प्रदेश के बागपत में एक सनसनीखेज हत्याकांड का ऐसा खौफनाक सच सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. यहां एक मजदूर की हत्या को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने खेत में ‘हवन’ किया, मानो किसी काले कर्म की तैयारी हो और फिर बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया. इतना ही नहीं, लाश को खेत में गाड़कर ये जल्लाद हरिद्वार पहुंचे और गंगा में डुबकी लगाकर अपने पाप धोने की कोशिश की. पुलिस पूछताछ में हुए इस खुलासे ने पूरे इलाके में सन्नाटा फैला दिया है.
बागपत के थाना दोघट क्षेत्र के निरपुड़ा गांव में मजदूर संजय की हत्या का यह मामला अब एक खौफनाक खुलासे में बदल चुका है. पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल चार आरोपियों- सचिन, अजित, शुभम और आकाश को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में जो कहानी सामने आई, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. दरअसल, मृतक मजदूर संजय, सचिन के यहां काम करता था. आरोप है कि सचिन को संजय पर भैंसा चोरी का शक था. इसी शक ने हैवानियत का रूप ले लिया.
सचिन ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर पहले संजय को खेत में बुलाया. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हत्या से पहले चारों आरोपियों ने खेत में ही संजय के साथ मिलकर हवन किया. इसके बाद सचिन घर आ गया था और जब वापस खेत पहुंचा तो वहां भैंसा नहीं मिला जिसके बाद चोरी के शक में संजय को बुरी तरह पीटा गया. आरोप है कि उसके गुप्तांग पर गंभीर चोट पहुंचाई गई और फिर उसे पानी के हौज में जबरन डुबोया गया. जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं, तब तक उसे छोड़ा नहीं गया.
हत्या के बाद चारों आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए खेत में ही गड्ढा खोदा और संजय की लाश को वहीं दफना दिया. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद चारों सीधे हरिद्वार पहुंच गए, जहां गंगा में डुबकी लगाकर अपने गुनाह को ‘धोने’ की कोशिश की गई. फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
मनुदेव उपाध्याय