उत्तर प्रदेश में नौतपा के चलते भीषण गर्मी के बीच एक मामूली घरेलू विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक कूलर मैकेनिक की जान चली गई. बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के हिलवाड़ी गांव में कूलर की मरम्मत को लेकर हुए विवाद में एक युवक द्वारा मैकेनिक की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या किए जाने से पूरे इलाके में तनाव फैल गया है. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मृतक के परिजनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया.
जानकारी के अनुसार हिलवाड़ी गांव निवासी चन्द्रपाल कूलर की मरम्मत का काम करता था. कुछ दिन पहले गांव का ही बबलू नामक युवक अपना खराब कूलर ठीक कराने के लिए चन्द्रपाल के पास पहुंचा था. चन्द्रपाल ने कूलर की मरम्मत कर उसे वापस कर दिया, लेकिन कुछ ही समय बाद कूलर फिर से खराब हो गया. इसके बाद बबलू दोबारा चन्द्रपाल के पास पहुंचा और कूलर खराब होने की शिकायत करने लगा.
आरोप है कि इस दौरान चन्द्रपाल ने पहले की मरम्मत के बकाया पैसे की मांग की और कहा कि जब तक पुराना भुगतान नहीं किया जाएगा, वह दोबारा कूलर ठीक नहीं करेगा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे तनावपूर्ण हो गई. बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद बबलू ने चन्द्रपाल को पैसे देने के बहाने बुलाया. जैसे ही चन्द्रपाल वहां पहुंचा, उस पर हमला कर दिया गया. आरोप है कि बबलू ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तब तक चन्द्रपाल की हालत काफी बिगड़ चुकी थी.
मौत के बाद इलाके में फैला तनाव
स्थानीय लोगों की मदद से घायल चन्द्रपाल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना की खबर जैसे ही गांव में फैली, वहां तनाव का माहौल बन गया और लोगों में आक्रोश फैल गया. मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने घटना के विरोध में जमकर हंगामा किया. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और कई जगहों पर आक्रोश जताया. स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन को मौके पर भारी बल तैनात करना पड़ा. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया और हालात को नियंत्रण में लिया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है. प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. अधिकारी लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं.
मनुदेव उपाध्याय