अयोध्या की रामलीला में इस साल दर्शकों को एक नया दृश्य देखने को मिलेगा. भोजपुरी अभिनेता और बीजेपी सांसद रवि किशन पहली बार भगवान राम की भूमिका में मंच पर नजर आएंगे. रामलीला आयोजकों ने इस वर्ष के सभी प्रमुख लीला स्वरूपों की आधिकारिक घोषणा कर दी है. रवि किशन के भगवान राम का किरदार निभाने की घोषणा के बाद रामलीला को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है. रवि किशन इससे पहले भी दिल्ली और अयोध्या की रामलीलाओं में कई अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. हालांकि अब तक उन्हें भगवान राम का किरदार निभाने का अवसर नहीं मिला था. इस बार वह पहली बार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के रूप में मंच पर दिखाई देंगे.
रवि किशन का रामलीला से पुराना जुड़ाव रहा है. इससे पहले वह केवट, भरत, सुग्रीव और भगवान परशुराम जैसे महत्वपूर्ण किरदार निभा चुके हैं. इन भूमिकाओं के जरिए उन्होंने रामलीला के मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है. अब पहली बार भगवान राम की भूमिका निभाना उनके लिए भी एक नया अनुभव होगा. रामलीला आयोजकों ने इस वर्ष अन्य प्रमुख कलाकारों के नामों की भी घोषणा कर दी है. जाने-माने अभिनेता और गायक अरुण बक्शी रावण की भूमिका निभाएंगे. भगवान शिव के रूप में विंदू दारा सिंह मंच पर दिखाई देंगे. वहीं अभिनेता अवतार गिल नारद मुनि का किरदार निभाएंगे. राजा जनक की भूमिका अभिनेता राकेश बेदी निभाएंगे.
पहली बार भगवान राम के रूप में दिखेंगे रवि किशन
इन कलाकारों के साथ इस वर्ष की रामलीला को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है. आयोजकों का मानना है कि दर्शकों को इस बार भी मंच पर कई यादगार प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी. रामलीला आयोजकों का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य दुनिया भर में रहने वाले रामभक्तों तक इस आयोजन को पहुंचाना है. इसी वजह से रामलीला का डिजिटल माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया जाएगा. इससे देश और विदेश में बैठे लोग अपने घरों से ही इस आयोजन का सीधा प्रसारण देख सकेंगे.
दुनिया भर के रामभक्तों के लिए होगा लाइव डिजिटल प्रसारण
आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्षों में अयोध्या की रामलीला के दर्शकों की संख्या 62 करोड़ से अधिक पहुंच चुकी है. इसी को देखते हुए इस बार भी डिजिटल प्रसारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन से जुड़ सकें. अयोध्या की रामलीला हर साल देश और विदेश के लाखों श्रद्धालुओं और दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहती है. इस बार रवि किशन के भगवान राम की भूमिका निभाने की घोषणा के बाद आयोजन को लेकर लोगों में खास उत्साह देखा जा रहा है.
संजय शर्मा