अयोध्या में आज दीपोत्सव मनाया जा रहा है. दीपोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. भगवान सूर्य के अस्त होते ही राम की नगरी में सरयू के किनारे बने 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये रोशन हो जाएंगे. राम की पैड़ी, सरयू घाट, रामकथा घाट समेत अयोध्या का कोना-कोना भगवान राम के विजय और स्वागत उत्सव की रोशनी से जगमगाएगा.
दीपोत्सव के लिए पिछले कई दिनों से घाटों पर दीये बिछाने का काम चल रहा था. अब दीयों में तेल और रुई की बाती भी डाल दी गई है. स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता पूरी व्यवस्था संभाल रहे हैं. कोई दीयों में तेल डाल रहा है तो कोई बाती ठीक कर रहा है.
दीपोत्सव के कार्यक्रम से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट सबसे पहले और सबसे सटीक जानकारी के साथ आजतक पर मिलेगी. पल-पल की ताजा खबरों और सभी अहम अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें.
गोली चलवाने वाले अयोध्या जरूर आएं
अयोध्या में सीएम योगी ने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले लोग अयोध्या जरूर आएं, लेकिन यहां आने पर एक बार माफी मांगकर जाएं. उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम उन्हें माफ करेंगे.
उन्होंने कहा कि अयोध्या की लगातार उपेक्षा हुई और राम के अस्तित्व को नकारने वाले आज राम का नाम ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने न्यायालय में वकीलों की फौज खड़ी कर दी थी, आज वही राम का नाम ले रहे हैं. उन्होंने इसे वैचारिक विजय बताते हुए कहा कि जो मरीचि के रूप में आएगा, वह बच नहीं पाएगा. उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में सभी विराजमान हैं. महर्षि वाल्मीकि, महर्षि विश्वामित्र, माता शबरी और महाराज जटायु भी यहां विराजमान हैं. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अयोध्या की उपेक्षा की थी और संतों का अपमान करके उन पर लाठियां चलवाई थीं, आज अयोध्या में बदलाव देखने को मिल रहा है.
सीएम योगी ने किया स्वागत
अयोध्या में दीपोत्सव 2026 के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपराष्ट्रपति के अयोध्या पहुंचने पर उनका स्वागत किया. सीएम योगी ने कहा कि तमिलनाडु के एक साधारण किसान परिवार में जन्मे उपराष्ट्रपति ने भारत की परंपराओं और संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ देश के लिए कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं.
सीएम योगी ने कहा कि आज उपराष्ट्रपति अयोध्या पहुंचे हैं. दीपोत्सव 2026 के अवसर पर अयोध्या की पवित्र धरती पर मैं भारत के उपराष्ट्रपति का दिल से स्वागत और अभिनंदन करता हूं. उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी, तब ऐसा लगा था जैसे अयोध्या की धरती पर आसमान से फूलों की बारिश हो रही हो.
सीएम योगी ने उतारी आरती
अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान राम और माता जानकी की पूजा-अर्चना कर आरती की. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिवाली समारोह और 10वें दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं.
पैड़ी पर दीप प्रज्वलन की प्रक्रिया शुरू
फूलों से सजा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर
दीपोत्सव से पहले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को फूलों से सजाया गया है. दीपोत्सव कार्यक्रम के तहत आज उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की आरती करेंगे.
दीपोत्सव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं. आयोजन क्षेत्र को 20 जोन और 53 सेक्टर में बांटा गया है. सुरक्षा व्यवस्था में 20 एडीएल एसपी, 45 सीओ समेत करीब 6 हजार पुलिसकर्मियों को लगाया गया है. सुरक्षा के लिए पीएसी की 9 कंपनियां और आरएएफ की 3 कंपनियां तैनात की गई हैं. इसके अलावा यूपी एटीएस की दो कमांडो टीमें भी कार्यक्रम की सुरक्षा में लगाई गई हैं.
सरयू में सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं. सरयू के तटबंधों पर पीएसी की फ्लड कंपनी को भी लगाया गया है. इस तरह दीपोत्सव के साथ ही पूरे आयोजन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई है.
ऑस्ट्रेलिया से अयोध्या तक सफर
ऑस्ट्रेलिया के शेन अयोध्या की राम की पैड़ी पर बैठकर दीपोत्सव की तैयारियों को देखकर काफी उत्साहित हैं. मलेशिया में भारतीय समुदाय के बीच दिवाली की तैयारियां देखने के बाद उनके मन में अयोध्या के भव्य दीपोत्सव को करीब से देखने की इच्छा हुई. इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया से अयोध्या पहुंचे. अयोध्या की सजी सड़कें, चौराहे, LED स्क्रीन, मिट्टी के दीये और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उन्हें काफी प्रभावित किया.
संतोष शर्मा / समर्थ श्रीवास्तव / श्वेता सिंह