समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 52वें जन्मदिन से पहले उनकी पत्नी डिंपल यादव, बच्चों (टीना, अदिति, अर्जुन) और परिजनों ने वाराणसी में दर्शन-पूजन किया. डिंपल यादव ने बाबा काल भैरव मंदिर में महाआरती की, जबकि बच्चों ने सांसद प्रिया सरोज के साथ दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती देखी.
टीना ने विजिटर बुक में मां गंगा की स्वच्छता का संदेश भी लिखा. इसके बाद पूरे परिवार ने संकट मोचन और काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के दर्शन किए और नौका विहार का आनंद लिया. परिवार वाराणसी में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था.
आपको बता दें कि अखिलेश यादव के बेटे अर्जुन व बेटी टीना ने वाराणसी में काशी विश्वनाथ के दर्शन किए. इसके बाद वे संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंचे. गंगा आरती के साथ नाव से घाटों का भ्रमण किया. मां डिंपल यादव ने भी काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में हाजिरी लगाई. उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. अर्जुन और टीना के साथ मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज भी नजर आईं.
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम अर्जुन और टीना वाराणसी पहुंचे. यहां से प्रिया सरोज के साथ दोनों काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे. विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद बाहर निकले. फिर वे संकट मोचन धाम गए. इसके बाद नौका विहार किया.
आखिर में शाम को दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल हुए. टीना ने विजिटर बुक में लिखा- 'भगवती मां गंगा की आरती ने मंत्रमुग्ध कर दिया. हम सभी को उनकी स्वच्छता के लिए कार्य करना चाहिए. गंगा मां स्वरूप हैं.'
अपनी इस यात्रा के दौरान तीनों स्थानीय मिठाई की दुकान पर गए और बनारसी पेड़ा, रसगुल्ला आदि का स्वाद लिया. वहीं, सपा सुप्रीमो के पुत्र-पुत्री के काशी आगमन की जानकारी मिलते ही पार्टी के कार्यकर्ता उत्साहित हो गए और उनसे मिलने के लिए मंदिर के बाहर जमा होने लगे. ऐसे में पुलिस-प्रशासन सतर्क रहा.
रोशन जायसवाल