'दस मिनट में पोस्ट हटाओ वरना FIR कराऊंगा', अखिलेश ने निशिकांत दुबे को दी चेतावनी

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे को अयोध्या चढ़ावा गड़बड़ी मामले से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट हटाने के लिए 10 मिनट का अल्टीमेटम दिया. उन्होंने पोस्ट न हटाने पर FIR की चेतावनी दी और ऐसे पोस्ट साझा करने वालों से माफी मांगने को कहा. अखिलेश ने बीजेपी पर PDA समाज को बदनाम करने का आरोप लगाया.

Advertisement
अखिलेश यादव ने निशिकांत दुबे को दी FIR की चेतावनी. Photo ITG अखिलेश यादव ने निशिकांत दुबे को दी FIR की चेतावनी. Photo ITG

aajtak.in

  • लखनऊ,
  • 06 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:22 PM IST

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे को सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट को लेकर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है. यह विवाद अयोध्या चढ़ावा गड़बड़ी मामले के आरोपी को लेकर है.

अखिलेश यादव ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि जिस तरह सत्ता पक्ष के सांसद को संसदीय विशेषाधिकार प्राप्त हैं, उसी तरह विपक्ष के सांसद को भी समान अधिकार हैं. उन्होंने कहा कि भगवान राम की मर्यादा, सामाजिक शिष्टाचार और संसदीय परंपराओं का सम्मान करते हुए निशिकांत दुबे को 10 मिनट का समय दिया जाता है कि वे अपनी "झूठी पोस्ट" हटा लें, अन्यथा उनके खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कराई जाएगी.

Advertisement

अखिलेश के पोस्ट का जवाब देते हुए निशिकांत ने कहा, 'जल्दी करिए, इतना परेशान क्यों हैं? प्रश्न ही तो पूछा है? 1990 में राम भक्त पर गोली किसने चलवाई? मैं अदालत जाऊंगा.'

जल्दी करिए, इतना परेशान क्यों हैं? प्रश्न ही तो पूछा है? 1990 में राम भक्त पर गोली किसने चलवाई? मैं अदालत जाऊँगा https://t.co/UaufKjKNUy

— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) July 6, 2026

'अदालतों के चक्कर लगाने पड़ेंगे तो कोई नहीं आएगा'
सपा प्रमुख ने उन लोगों को भी चेतावनी दी जिन्होंने इसी तरह के आरोपों वाले पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा किए हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोग पोस्ट हटाकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, नहीं तो कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें. अखिलेश ने कहा कि बीजेपी नेता किसी का साथ नहीं देते और अदालतों के चक्कर लगाने पड़ेंगे तो कोई मदद के लिए नहीं आएगा.

Advertisement

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और उसके समर्थक समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) सामाजिक गठबंधन को बदनाम करने के लिए झूठ फैला रहे हैं. उन्होंने कहा कि PDA समाज एकजुट होकर इसका जवाब देगा.

अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि "चढ़ावा चोरों का गिरोह" जनता के गुस्से से डरकर छिपा हुआ है और विपक्ष के खिलाफ साजिश रच रहा है. उन्होंने दुनिया भर के राम भक्तों, सनातन धर्म के अनुयायियों, अयोध्या के संतों, सुप्रीम कोर्ट, लोकसभा अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश और अयोध्या की जनता तथा PDA समाज से इस मामले का संज्ञान लेने की अपील की.

अखिलेश ने X पर लिखा, जितना सत्ता पक्ष के सांसद का विशेषाधिकार होता है, उतना ही विशेषाधिकार विपक्ष के सांसद का भी होता है. पुरुषोत्तम प्रभु राम जी की मर्यादा एवं सामाजिक शालीनता, सभ्यता और संसदीय परंपरा का मान रखते हुए हम भाजपा के सांसद को 10 मिनट का समय देते हैं कि वो इस झूठे ट्वीट-पोस्ट को डिलीट कर दें अन्यथा उनके ख़िलाफ़ तत्काल नामज़द रिपोर्ट दर्ज़ कराई जाएगी, साथ ही ये चेतावनी उन सबको भी है जिन्होंने ये झूठ फैलाया है, वो भी सोशल मीडिया पर तुंरत डिलीट करें और सार्वजनिक माफी माँगें या क़ानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें. वो याद रखें भाजपाई किसी के सगे नहीं हैं, जब सालों-साल कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने पड़ेंगे तो कोई संगी-साथी भी बचाने नहीं आयेगा. जो भगवान के नहीं हुए वो इंसान के क्या होंगे.

Advertisement

‘पीडीए समाज’ को कलंकित व अपमानित करने के लिए भाजपाई और उनके संगी-साथी ये कुत्सित झूठ प्रचारित-प्रसारित कर रहे हैं. ’पीडीए समाज’ एकजुट होकर इसका जवाब देगा.

‘चढ़ावा-चंदा-दान चोरों’ का गिरोह जनाक्रोश के डर से अब अपने घरों में दुबका बैठा है और षड्यंत्र कर रहा है. अगर मुख़बिरों के वंशंजों में सत्य का साहस है तो अपने परंपरागत भूमिगत-सुरंगी निवास से बाहर आकर अयोध्यावासियों के सामने सरयू का जल हाथ में उठाकर ये बात कहें.

संपूर्ण विश्व के रामभक्त संज्ञान लें
दुनिया भर के सनातनी संज्ञान लें
अयोध्या के पूज्य साधु-संत संज्ञान लें
माननीय सर्वोच्च न्यायालय संज्ञान ले
माननीय लोकसभा अध्यक्ष संज्ञान लें
उप्र-अयोध्या के नागरिक संज्ञान लें
समस्त पीडीए समाज संज्ञान ले

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »