अगर कोई आपसे कहे कि उसने अपने पूरे शरीर पर टैटू बनवाने के लिए करीब 3 करोड़ रुपये खर्च कर दिए हैं, तो शायद यकीन करना मुश्किल हो. लेकिन कनाडा के एक शख्स ने ऐसा ही किया है. अब उसने सोशल मीडिया पर अपनी एक ऐसी तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह बिना टैटू के नजर आ रहा है. यह फोटो देखते ही लोग हैरान रह गए.
डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडा के रहने वाले रेमी स्कोफील्ड खुद को दुनिया का असली सबसे ज्यादा टैटू वाला इंसान बताते हैं. उन्होंने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपने 1.89 लाख फॉलोअर्स के साथ एक AI से बनाई गई तस्वीर शेयर की, जिसमें दिखाया गया है कि अगर उनके शरीर पर एक भी टैटू न होता, तो वे कैसे दिखते.
इस तस्वीर में दो फोटो साथ-साथ दिखाई गई हैं. एक फोटो उनकी मौजूदा है, जिसमें उनका शरीर सिर से लेकर पैर तक टैटू से ढका हुआ है. दूसरी AI से तैयार की गई तस्वीर है, जिसमें उनके शरीर पर कोई टैटू नहीं है.
रेमी ने पोस्ट में लिखा कि एक फॉलोअर ने उनसे पूछा था कि बिना टैटू के वह कैसे दिखते होंगे. उन्होंने जवाब दिया कि उन्हें खुद भी नहीं पता, क्योंकि उन्होंने बहुत कम उम्र से ही अपने शरीर में बदलाव (बॉडी मॉडिफिकेशन) कराने शुरू कर दिए थे. इसके बाद AI की मदद से यह तस्वीर तैयार की गई.
20 साल से जारी है टैटू का सफर
रेमी करीब 20 साल से अपने शरीर पर टैटू बनवा रहे हैं. इस दौरान उनके शरीर के कई हिस्सों पर 100 से भी ज्यादा बार दोबारा टैटू बनाए जा चुके हैं. आज उनके शरीर का लगभग हर हिस्सा टैटू से ढका हुआ है. सिर्फ चेहरे के कुछ हिस्से ही बिना टैटू के बचे हैं.
उन्होंने बताया कि टैटू बनवाने का उनका असली सफर साल 2008 के आसपास शुरू हुआ था. शुरुआत उन्होंने अपने बेटे का नाम शरीर पर गुदवाकर की थी. इसके बाद उन्होंने लगातार अपने शरीर पर नए-नए टैटू और बॉडी मॉडिफिकेशन कराए.
टैटू पर खर्च कर चुके हैं करीब 3 करोड़ रुपये
रेमी का कहना है कि अब तक वह टैटू और बॉडी मॉडिफिकेशन पर करीब 2.64 लाख पाउंड (करीब 3 करोड़ रुपये) खर्च कर चुके हैं. हालांकि उनका मानना है कि असली रकम इससे भी ज्यादा हो सकती है, क्योंकि इतने सालों में उन्होंने सैकड़ों बार टैटू दोबारा बनवाए हैं.
शरीर के इन हिस्सों पर सबसे ज्यादा होता है दर्द
रेमी ने पहले दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि शरीर के कुछ हिस्सों पर टैटू बनवाना सबसे ज्यादा दर्दनाक होता है. उनके मुताबिक, शरीर के अंदरूनी हिस्से और जांघों के भीतरी हिस्से में टैटू बनवाना सबसे ज्यादा तकलीफ देता है. उन्होंने कहा कि उनके शरीर के कुछ हिस्सों पर 100 से ज्यादा टैटू की परतें बन चुकी हैं, जबकि ज्यादातर हिस्सों पर 10 से 40 से ज्यादा परतें मौजूद हैं.
लोगों ने दिए मजेदार रिएक्शन
AI से बनी यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. कई लोगों ने रेमी की फिटनेस की तारीफ की, लेकिन ज्यादातर यूजर्स का कहना था कि वह टैटू के साथ ज्यादा अच्छे लगते हैं.
यह भी पढ़ें: फ्लाइट में फैली रहस्यमय गंध, एक के बाद एक क्रू और पैसेंजर होने लगे बीमार, प्लेन बीच रास्ते उतारना पड़ा
एक यूजर ने लिखा कि तुम टैटू के साथ कहीं ज्यादा अच्छे लगते हो और तुम्हारी पियर्सिंग भी शानदार है. दूसरे ने कहा -बिना टैटू भी अच्छे लग रहे हो, लेकिन टैटू वाली लुक ज्यादा दमदार है. मेरी नजर में तो टैटू शरीर को एक कला की तरह बना देते हैं. वहीं एक अन्य यूजर ने मजाक में लिखा- बाईं तरफ वाले इंसान को अभी अंदाजा भी नहीं है कि उसे टैटू बनवाने में कितने घंटे लगने वाले हैं.
aajtak.in