अक्सर सोशल मीडिया पर ट्रेन लेट होने या रेलवे की किसी सर्विस में गड़बड़ी होने के पोस्ट वायरल होते रहते हैं. यात्री किसी ना किसी दिक्कत को लेकर पोस्ट करते हैं और रेलवे की ओर से भी उस पर जवाब आता है और समस्या को दूर करने की कोशिश की जाती है. ऐसा ही रेलवे से मदद मांगने वाला एक पोस्ट एक्स पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. वायरल हो रहे पोस्ट में एक परीक्षार्थी की ओर से ट्रेन लेट होने की शिकायत की गई थी, जिसके बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
दरअसल, ट्रेन नंबर 12627 (कर्नाटक एक्सप्रेस) में यात्रा कर रहे एक शख्स ने पोस्ट कर रेलवे से ट्रेन लेट को जल्दी पहुंचाने की रिक्वेस्ट की थी. यूजर का कहना था कि उनकी परीक्षा है और ट्रेन लेट है, ऐसे में ट्रेन को क्लियरेंस दिलवा दीजिए. साथ ही उन्होंने अपना एडमिट कार्ड भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. इसके बाद से कुछ यूजर रेलवे की सर्विस पर सवाल उठा रहे हैं तो कई लोग शिकायत करने वाले शख्स को कह रहे हैं कि उन्हें पहले से एक्स्ट्रा वक्त लेकर चलना चाहिए था.
वायरल पोस्ट में क्या लिखा है?
अरुण कुमार नाम के यूजर ने लिखा है- 'अर्जेंट हेल्प. ट्रेन नंबर 12627 (कर्नाटक एक्सप्रेस) में स्टूडेंट एग्जाम इमरजेंसी है. ट्रेन लेट चल रही है. मेरा कल आगरा कैंट में एग्जाम है. कृपया साल बचाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर ट्रेन को आगे बढ़ाने की अनुमति दें.' इस पोस्ट के बाद यूजर ने रेलवे की ओर से दिए गए जवाब का भी स्क्रीनशॉट दिया है, जिसमें रेलवे ने कहा है कि ट्रेन झांसी (JHS) डिवीजन से 151 मिनट यानी 2 घंटे 31 मिनट की देरी से निकली. इसकी वजह परिचालन संबंधी बाधाएं थीं. हम इस ट्रेन की देरी को यथासंभव कम करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. आपको हुई असुविधा के लिए हमें गहरा खेद है.
इसके साथ ही यूजर लगातार इस पोस्ट पर कमेंट कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा- एक दिन पहले जाकर नहीं जा सकते तुम सब? एक यूजर ने लिखा- अगर आप परीक्षा देने जा रहे हैं तो एक दिन पहले पहुंचने की आदत बना लेनी चाहिए. इस पर अरुण कुमार ने बताया कि वो खुद रेलवे में सरकारी कर्मचारी हैं और उन्हें कहीं जाने से पहले कई चीज मैनेज करनी होती है. ऐसे में कई बार एक दिन पहले पहुंचना संभव नहीं होता है.
वहीं, कुछ लोग रेलवे की सर्विस पर निशाना साध रहे हैं और कह रहे हैं कि रेलवे में ट्रेन लेट होने की काफी अहम समस्या है. साथ ही कुछ लोग एग्जाम व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं और कुछ लोग यूजर को सलाह दे रहे हैं कि कैसे टाइम पर एग्जाम सेंटर तक पहुंचा जा सकता है.
aajtak.in