सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिनमें लोग अलग-अलग बिजनेस आइडिया आजमाकर अपनी कमाई का अनुभव शेयर करते हैं. इन दिनों एक महिला यूट्यूबर का ऐसा ही वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है. वीडियो का टाइटल है- "I Tried Selling Sattu on the Beach for 1 Day – You Won't Believe How Much I Made. इस वीडियो में यूट्यूबर ने एक दिन के लिए समुद्र किनारे सत्तू बेचने का फैसला किया और यह जानने की कोशिश की कि क्या इस पारंपरिक भारतीय ड्रिंक को बेचकर अच्छी कमाई की जा सकती है.
वीडियो की शुरुआत सत्तू तैयार करने से होती है. महिला यूट्यूबर सबसे पहले सत्तू, नींबू, मसाले, पानी और अन्य जरूरी सामग्री खरीदती है. इसके बाद वह समुद्र किनारे पहुंचती है, जहां बड़ी संख्या में लोग घूमने आते हैं. उसका मकसद सिर्फ पैसे कमाना नहीं था, बल्कि यह समझना भी था कि एक छोटे फूड बिजनेस को चलाने में किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है और ग्राहकों तक किसी प्रोडक्ट को पहुंचाना कितना मुश्किल या आसान होता है.
ग्राहकों को समझाना पड़ा सत्तू का महत्व
शुरुआत में बिक्री बिल्कुल आसान नहीं रही. बीच पर मौजूद कई लोगों ने सत्तू का नाम तो सुना था, लेकिन वे इसके स्वाद और फायदों से अनजान थे. ऐसे में यूट्यूबर को लोगों को यह बताना पड़ा कि सत्तू भुने हुए चने से बनाया जाता है और यह गर्मियों में शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ भरपूर एनर्जी भी देता है. कुछ लोगों ने पहले इसे टेस्ट किया और फिर खरीदने का फैसला किया. वीडियो में कई ग्राहकों के रिएक्शन भी दिखाए गए हैं. कुछ लोगों को सत्तू का स्वाद काफी पसंद आया, जबकि कुछ लोग पहली बार इसे पीकर हैरान नजर आए. धीरे-धीरे लोगों की दिलचस्पी बढ़ी और बिक्री भी रफ्तार पकड़ने लगी.
320 रुपये लगाए, शाम तक 570 रुपये का मुनाफा
महिला यूट्यूबर ने इस पूरे प्रयोग के लिए कुल 320 रुपये का इन्वेस्ट किया था. इसमें सत्तू, नींबू, मसाले, पानी और डिस्पोजेबल गिलास जैसी जरूरी चीजों का खर्च शामिल था. पूरे दिन ग्राहकों को सत्तू बेचने के बाद उसने अपनी कमाई का हिसाब लगाया. वीडियो के अनुसार उसकी कुल बिक्री 890 रुपये रही. जब उसने अपने शुरुआती निवेश और अन्य खर्चों को बिक्री से घटाया तो उसके पास 570 रुपये का प्रॉफिट हुआ.
यानी सिर्फ 320 रुपये के निवेश पर उसे 570 रुपये का लाभ हुआ. यह उसके इन्वेस्ट पर लगभग 178 प्रतिशत रिटर्न था, जो एक दिन के छोटे एक्सपेरिमेंट के हिसाब से काफी अच्छा माना जा सकता है. यही आंकड़े देखकर कई लोग हैरान रह गए और वीडियो तेजी से वायरल होने लगा.
छोटे बिजनेस से मिली बड़ी सीख
इस प्रयोग से यूट्यूबर को एक महत्वपूर्ण सीख भी मिली. उसने बताया कि किसी भी छोटे बिजनेस में सिर्फ अच्छा प्रोडक्ट होना ही काफी नहीं होता. ग्राहकों से बातचीत करना, उन्हें प्रोडक्ट के फायदे समझाना और उनका भरोसा जीतना भी उतना ही जरूरी है. अगर ग्राहक किसी चीज के बारे में नहीं जानते, तो उन्हें जागरूक करना बिजनेस का अहम हिस्सा बन जाता है. वीडियो यह भी दिखाता है कि आज के समय में लोग हेल्दी और देसी विकल्पों को अपनाने में इंटरेस्ट दिखा रहे हैं. सत्तू जैसे पारंपरिक पेय को लोगों ने काफी पसंद किया, जिससे यह संकेत मिलता है कि सही मार्केटिंग और सही जगह मिलने पर ऐसे उत्पादों की अच्छी मांग हो सकती है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने सत्तू को भारत का सुपरफूड बताया और कहा कि इसे देशभर में और ज्यादा लोकप्रिय बनाया जाना चाहिए. वहीं कुछ लोगों ने महिला यूट्यूबर की मेहनत की तारीफ करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयोग युवाओं को छोटे बिजनेस शुरू करने की प्रेरणा दे सकते हैं. कई यूजर का मानना है कि गर्मियों में सत्तू जैसे हेल्दी ड्रिंक की मांग बढ़ जाती है और कम इन्वेस्टमेंट यह एक अच्छा कमाई का जरिया बन सकता है. यही वजह है कि यह वीडियो हजारों लोगों ने देखा और शेयर किया जा रहा है.
aajtak.in