मछलीशहर लोकसभा सीट की सांसद प्रिया सरोज बरसात के मौसम में धान रोपने खेत में उतर गईं. उनके इस वीडियो को लोग सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. प्रिया सरोज साड़ी पहनकर खेत में उतरीं और धान रोप रहीं महिलाओं से बात की.
दरअसल प्रिया सरोज कही जा रहीं थी. तभी रास्ते में कुछ महिलाएं धान रोप रही थीं. उन्हें देखकर प्रिया सरोज रुक गईं और महिलाओं से बातें करने लगीं.
हाल ही में वाराणसी-जौनपुर क्षेत्र में हुई अच्छी बारिश के बाद किसान खेतों में सक्रिय हो गए हैं. क्षेत्र भ्रमण पर निकलीं प्रिया सरोज खेती-किसानी का माहौल देखकर खुद खेत में उतर गईं. उन्होंने धान की बीहन संभाली और कतार में रोपाई की. किसानों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करते हुए वे उनकी मेहनत को समझती दिखीं.
धान रोप रहीं एक महिला से प्रिया सरोज ने धान का बीहन लेकर पूछा कि ऐसे सीधा रोपा जाता है या उल्टा.
इस पर महिलाएं हंसने लगीं.
प्रिया सरोज क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर भी हैं. वे सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं.
प्रिया सरोज ने बारिश की वजह से लोगों की समस्याओं को उठाते हुए कहा है कि मड़ियाहूं अंतर्गत सीरिया एवं तेजगढ़ ग्राम सभाओं का दौरा कर बसुई नदी का स्थलीय निरीक्षण किया. अधिक जलस्तर के कारण दोनों ग्राम सभाओं के बीच आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके से ही जिलाधिकारी जौनपुर, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवागमन शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए.
aajtak.in