विदेश में रहने वाले कई भारतीयों का एक सपना होता है कि वे एक दिन अपने माता-पिता को उन जगहों पर घुमाएं, जिन्हें उन्होंने सिर्फ तस्वीरों या फिल्मों में देखा हो. ऐसा ही एक सपना अब सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीत रहा है.
इंस्टाग्राम यूजर प्रियंका ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह पहली बार अपने भारतीय माता-पिता को अमेरिका के मशहूर नियाग्रा फॉल्स स्टेट पार्क घुमाने ले जाती हैं. इस यात्रा का सबसे खास हिस्सा था 'मेड ऑफ द मिस्ट' बोट टूर, जो पर्यटकों को झरने के बेहद करीब ले जाता है.
झरने के करीब पहुंचते ही चेहरे पर दिखी बच्चों जैसी खुशी
वीडियो में प्रियंका के माता-पिता नीले रंग की रेन पोंचो पहने बोट पर खड़े नजर आते हैं. जैसे-जैसे नाव नियाग्रा फॉल्स के करीब पहुंचती है, उनके चेहरे पर उत्साह साफ दिखाई देता है.चारों ओर उड़ती पानी की फुहारें, झरने की तेज गूंज और सामने गिरता विशाल जलप्रपात देखकर दोनों की मुस्कान लगातार बढ़ती जाती है. वीडियो में उनकी खुशी देखकर ऐसा लगता है जैसे वे पहली बार किसी नई दुनिया की खोज कर रहे हों.
देखें वीडियो
'यह सपना सालों से देखा था'
वीडियो शेयर करते हुए प्रियंका ने लिखा कि वह लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रही थीं.उन्होंने लिखा कि मैंने इस पल को बहुत समय से अपने मन में संजो रखा था. अपने भारतीय माता-पिता को 'मेड ऑफ द मिस्ट' बोट टूर पर नियाग्रा फॉल्स दिखाना मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है. अगर परिवार के साथ नियाग्रा फॉल्स घूमने की योजना बना रहे हैं, तो अपने देसी माता-पिता के चेहरे पर पानी की फुहारों के बीच खुशी देखना सबसे खूबसूरत अनुभव है.
वीडियो ने छू लिया लोगों का दिल
यह वीडियो कुछ ही समय में वायरल हो गया. कमेंट सेक्शन में कई लोगों ने लिखा कि विदेश में रहने वाले भारतीयों का यह भी एक बड़ा सपना होता है कि वे अपने माता-पिता को दुनिया की मशहूर जगहों की सैर कराएं.
कई यूजर्स ने कहा कि इस वीडियो ने उन्हें भावुक कर दिया. कुछ ने लिखा कि अब उन्होंने भी अपने 'बकेट लिस्ट' में माता-पिता को नियाग्रा फॉल्स घुमाने का सपना जोड़ लिया है.
वहीं कई लोगों का कहना था कि जिंदगी की सबसे बड़ी खुशियां वही होती हैं, जिन्हें हम उन लोगों के साथ बांटते हैं जिन्होंने हमें उस मुकाम तक पहुंचाने के लिए पूरी जिंदगी मेहनत की होती है.
aajtak.in