अमेरिका में रहने वाले एक भारतीय दंपति की पोस्ट इन दिनों रेडिट पर वायरल हो रही है. पोस्ट में शख्स ने बताया कि उसकी पत्नी की मां एडवांस स्टेज कैंसर से जूझ रही हैं और उन्हें जल्द भारत जाना है. लेकिन दोनों इस बात को लेकर परेशान हैं कि अगर वे भारत गए, तो क्या समय पर अमेरिका वापस लौट पाएंगे या नहीं.
शख्स ने लिखा कि वह और उसकी पत्नी दोनों H-1B वीजा पर अमेरिका में नौकरी करते हैं. दोनों को वीजा स्टैंपिंग की जरूरत है. ऐसे में उन्हें डर है कि अगर वीजा प्रक्रिया में देरी हुई, तो उनकी नौकरी पर असर पड़ सकता है.
'पत्नी जाए या हम दोनों?'
पोस्ट में उसने लिखा कि हम समझ नहीं पा रहे कि सिर्फ मेरी पत्नी भारत जाए या हम दोनों साथ जाएं. ऐसे समय में मैं उसके साथ रहना चाहता हूं, लेकिन नौकरी और वीजा की चिंता भी है.उसने यह भी बताया कि अमेरिका में उनका अपना घर है, दो बच्चे हैं और फिलहाल भारत लौटकर बसना उनके लिए आसान नहीं है.
आखिर H-1B वीजा में परेशानी क्या है?
H-1B वीजा पर काम करने वाले लोगों को अमेरिका से बाहर जाने के बाद दोबारा लौटने के लिए वैध वीजा स्टैंपिंग की जरूरत होती है. हाल के महीनों में वीजा प्रक्रिया और अतिरिक्त जांच को लेकर कई H-1B धारकों के बीच चिंता देखी गई है. ऐसे में कई लोग विदेश यात्रा से पहले संभावित देरी को लेकर सावधानी बरत रहे हैं.हालांकि, हर आवेदन की स्थिति अलग होती है और वीजा प्रक्रिया कई बातों पर निर्भर करती है.
लोगों ने क्या सलाह दी?
पोस्ट वायरल होने के बाद यूजर्स की राय भी बंट गई.कुछ लोगों ने कहा कि ऐसे समय में नौकरी से ज्यादा परिवार महत्वपूर्ण है और दोनों को भारत जाना चाहिए. एक यूजर ने लिखा कि अगर आखिरी समय में परिवार के साथ नहीं रह पाए, तो उसका पछतावा जिंदगीभर रहेगा.
वहीं कुछ लोगों का मानना था कि पत्नी को भारत जाना चाहिए, जबकि पति बच्चों के साथ अमेरिका में रहे. उनका कहना था कि एक व्यक्ति के लिए वीजा अपॉइंटमेंट मिलना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है.
दिलचस्प बात यह रही कि कुछ यूजर्स ने अपने अनुभव भी साझा किए. उन्होंने बताया कि हाल ही में पारिवारिक आपात स्थिति में भारत जाकर वे बिना किसी परेशानी के अमेरिका लौट आए.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
यह पोस्ट अब सिर्फ एक परिवार की कहानी नहीं रह गई है. सोशल मीडिया पर लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि जब करियर और परिवार आमने-सामने खड़े हों, तो सही फैसला क्या होना चाहिए.
नोट: यह रिपोर्ट Reddit पर शेयर की गई एक अनाम यूजर पोस्ट पर आधारित है. पोस्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए इसे एक सोशल मीडिया पोस्ट के रूप में ही देखा जाना चाहिए, न कि सत्यापित घटना के रूप में.
aajtak.in