कंपनी ने दिवाली पर कर्मचारियों को गिफ्ट किए iPhone 16, वीडियो देख लोग बोले- ऐसी नौकरी हमें भी चाहिए

दिल्ली की एक कंपनी ने दिवाली के मौके पर अपने कर्मचारियों को आईफोन-16 गिफ्ट करके सबको हैरान कर दिया. कंपनी के ऑफिस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कर्मचारियों की टेबल पर नए आईफोन रखे दिखाई दे रहे हैं.

Advertisement
वीडियो देखकर लोग कंपनी की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्हें भी ऐसी नौकरी चाहिए. ( Photo: ITG) वीडियो देखकर लोग कंपनी की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्हें भी ऐसी नौकरी चाहिए. ( Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 04 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 1:30 PM IST

दिवाली का त्योहार आते ही कंपनियां अपने कर्मचारियों को खुश करने के लिए तरह-तरह के गिफ्ट देती हैं. कहीं मिठाई के डिब्बे बांटे जाते हैं, तो कहीं कपड़े, गिफ्ट हैंपर या बोनस दिया जाता है. लेकिन दिल्ली की एक कंपनी ने इस बार अपने कर्मचारियों को ऐसा तोहफा दिया, जिसे देखकर सोशल मीडिया पर लोग हैरान रह गए. दरअसल, दिल्ली के रोहिणी में स्थित एक कंपनी ने दिवाली के मौके पर अपने कर्मचारियों को आईफोन-16 गिफ्ट किया है. कंपनी ने इस खास सरप्राइज का वीडियो अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है. वीडियो सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है.

Advertisement

कर्मचारियों की टेबल पर रखे थे आईफोन-16
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देख सकते हैं कि कंपनी के ऑफिस में कर्मचारियों की टेबल पर नए आईफोन रखे हुए हैं. इन फोन को रंगीन रिबन से सजाया गया है. वीडियो में सफेद, हरे, नीले और काले रंग के आईफोन दिखाई दे रहे हैं. कर्मचारी जब अपनी टेबल पर आईफोन देखते हैं, तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आती है. कुछ महिला कर्मचारी इस सरप्राइज को देखकर काफी खुश दिखाई देती हैं. कंपनी ने इस वीडियो को शेयर करते हुए मजाकिया अंदाज में लिखा, 'कोई मुकाबला नहीं... आपको क्या मिला?'

सोशल मीडिया पर लोगों ने किए मजेदार कमेंट
कंपनी का यह वीडियो सामने आते ही लोगों ने कमेंट करना शुरू कर दिया. कई लोगों ने कंपनी की तारीफ की और कहा कि कर्मचारियों को खुश रखने का यह शानदार तरीका है. कुछ लोगों ने तो कंपनी में नौकरी पाने की इच्छा भी जाहिर कर दी. एक यूजर ने मजाक में पूछा कि क्या कंपनी में कोई वैकेंसी है? वहीं, एक दूसरे यूजर ने कहा कि दिवाली पर ऐसे वीडियो देखकर इंस्टाग्राम चलाने का मन ही नहीं करेगा, क्योंकि दूसरों के गिफ्ट देखकर जलन होगी.

Advertisement

कुछ लोगों को शुरुआत में लगा कि यह वीडियो असली नहीं है और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है. हालांकि, कंपनी ने ऐसे कमेंट पर जवाब देते हुए कहा कि यह वीडियो एआई से नहीं बनाया गया है. एक यूजर ने मजाक में यह भी लिखा कि महिला कर्मचारियों को आईफोन मिले हैं, जबकि पुरुष कर्मचारियों को सोने के सिक्के दिए गए हैं. वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि उन्हें तो अपनी कंपनी की तरफ से सोन पापड़ी का डिब्बा भी नहीं मिला.

फिलहाल, कंपनी का यह दिवाली गिफ्ट सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. जहां ज्यादातर कंपनियां त्योहार पर मिठाई और छोटे-मोटे गिफ्ट देती हैं, वहीं इस कंपनी ने महंगे स्मार्टफोन देकर अपने कर्मचारियों की दिवाली खास बना दी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »