खाली फ्लैट का ताला बदलकर 83 लाख रुपये में बेच दिया, 10 साल की हुई जेल

चीन में एक शख्स ने खाली पड़े फ्लैट का ताला बदलकर खुद को उसका मालिक बताया और अपने पुराने दोस्तों को करीब 83 लाख रुपये में बेच दिया. असली मालिक के पहुंचने पर ठगी का खुलासा हुआ. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अदालत ने उसे 10 साल 3 महीने की जेल और 1 लाख युआन के जुर्माने की सजा सुनाई.

Advertisement
घर खरीदने से पहले उसके मालिकाना दस्तावेज, रजिस्ट्री और अन्य कानूनी कागजों की अच्छी तरह जांच करना बेहद जरूरी है. ( Photo: ITG) घर खरीदने से पहले उसके मालिकाना दस्तावेज, रजिस्ट्री और अन्य कानूनी कागजों की अच्छी तरह जांच करना बेहद जरूरी है. ( Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 26 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:30 AM IST

दोस्ती भरोसे पर टिकी होती है, लेकिन अगर वही भरोसा धोखे में बदल जाए तो नुकसान सिर्फ पैसों का नहीं, बल्कि रिश्तों का भी होता है. चीन से ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने पुराने दोस्तों के साथ लाखों रुपये की ठगी कर दी. हैरानी की बात यह है कि उसने जिस फ्लैट को बेचा, वह उसका था ही नहीं. उसने सिर्फ खाली पड़े फ्लैट का ताला बदलवाया और खुद को उसका मालिक बताकर बेच दिया.

Advertisement

यह मामला चीन के शंघाई शहर का है. आरोपी का नाम सन बताया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सन पहले दो दुकानों का मालिक था, लेकिन कारोबार बंद होने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई. इतना ही नहीं, वह पहले भी धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुका था. साल 2017 में जेल से बाहर आने के बाद उसके पुराने दोस्त, एक मैरिड कपल ने उसकी काफी मदद की. यह कपल खुद प्रवासी मजदूर था और सीमित इनकम में जीवन गुजार रहा था. इसके बावजूद उन्होंने सन को कई बार खाना खिलाया, आर्थिक मदद की और मानसिक रूप से भी उसका साथ दिया. सन ने उनसे वादा किया कि वह एक दिन उनका एहसान जरूर चुकाएगा.

भरोसा बना ठगी की वजह
कुछ समय बाद कपल ने सन से शंघाई में सस्ता घर दिलाने में मदद मांगी. सन ने खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताया और दावा किया कि उसके रिश्तेदारों के सरकारी स्तर पर अच्छे संपर्क हैं. उसने भरोसा दिलाया कि वह उन्हें बाजार से कम कीमत पर घर दिला सकता है. सन की बातों पर भरोसा करके कपल ने उसे साल 2023 से पैसे देने शुरू कर दिए. उसने कभी घर की बुकिंग तो कभी लोन की प्रक्रिया का बहाना बनाकर उनसे 7 लाख युआन (करीब 83 लाख रुपये) से ज्यादा ले लिए. दो साल बाद उसने कहा कि उनके लिए पुनर्वास योजना के तहत एक फ्लैट मिल गया है, लेकिन सौदा पूरा करने के लिए 4 लाख युआन और देने होंगे.

Advertisement

असल में वह फ्लैट किसी और व्यक्ति का था और कई महीनों से खाली पड़ा था. सन ने इस मौके का फायदा उठाया. उसने एक ताला बनाने वाले को बुलाया और यह कहकर फ्लैट का ताला बदलवा दिया कि उसकी चाबी खो गई है. उसने किसी भी तरह का मालिकाना दस्तावेज नहीं दिखाया. ताला बदलने के बाद सन अपने दोस्तों को फ्लैट दिखाने ले गया. उसने उन्हें नई चाबियां दीं और एक फेक सेल्स एग्रीमेंट भी साइन करवा लिए. कपल को लगा कि अब वह घर उनका हो गया है.

सीसीटीवी में सच्चाई आयी सामने
लेकिन यह धोखा ज्यादा समय तक नहीं चल पाया, मई 2025 में फ्लैट का असली मालिक, जिसका उपनाम वांग बताया गया है, एक संभावित किराएदार के साथ वहां पहुंचा. जब उसकी चाबी दरवाजा नहीं खोल सकी, तो उसे शक हुआ. जांच में पता चला कि फ्लैट का ताला बदल दिया गया है. इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज सामने आए, जिनसे पूरी सच्चाई सामने आ गई. सन को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में उसने कबूल किया कि कपल से लिए गए ज्यादातर पैसे वह अपने पुराने कर्ज चुकाने और रोजमर्रा के खर्चों में खर्च कर चुका है. इसलिए पैसे वापस मिलने की उम्मीद भी काफी कम है.

Advertisement

हाल ही में स्थानीय अदालत ने सन को धोखाधड़ी का दोषी मानते हुए 10 साल 3 महीने की जेल और 1 लाख युआन (करीब 12 लाख रुपये) का जुर्माना लगाया. हालांकि, जिस ताला बनाने वाले ने फ्लैट का ताला बदला था, उसके खिलाफ कोई कार्रवाई हुई या नहीं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. यह मामला सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में है. कई लोगों ने सन को काफी चालाक और निर्दयी बताया. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि संपत्ति खरीदते समय सिर्फ जान-पहचान के भरोसे कभी सौदा नहीं करना चाहिए. घर खरीदने से पहले उसके मालिकाना दस्तावेज, रजिस्ट्री और अन्य कानूनी कागजों की अच्छी तरह जांच करना बेहद जरूरी है, ताकि ऐसी धोखाधड़ी से बचा जा सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »