कई बार ऐसा होता है कि हम शॉपिंग करने तो बड़े उत्साह से निकलते हैं, लेकिन जैसे-जैसे खरीदारी बढ़ती जाती है, वैसे-वैसे हाथों में बैग्स का वजन भी बढ़ने लगता है. कुछ देर बाद हालत ऐसी हो जाती है कि शॉपिंग का मजा ही खत्म हो जाता है. भारी सामान उठाकर चलना, बार-बार रुकना और थकान महसूस होना हर किसी के साथ होता है. खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और फैमिली के साथ शॉपिंग करने वालों के लिए यह परेशानी और भी ज्यादा बढ़ जाती है.
ऐसे समय में अक्सर मन में यही ख्याल आता है- 'काश कोई हमारा सामान उठाने वाला होता, तो आराम से जमकर शॉपिंग कर पाते. अब इसी परेशानी का समाधान लेकर दिल्ली में एक नया स्टार्टअप आया है, जिसका नाम है CarryMen. यह ऐप लोगों को पर्सनल शॉपिंग हेल्पर की सुविधा देता है, ताकि आप बिना टेंशन के खुलकर शॉपिंग कर सकें और सामान उठाने की चिंता बिल्कुल न करें.
क्या है CarryMen?
दिल्ली का एक नया स्टार्टअप 'CarryMen' लोगों के शॉपिंग करने के तरीके को आसान और आरामदायक बनाने की कोशिश कर रहा है. यह स्टार्टअप उन लोगों के लिए खास सुविधा लेकर आया है, जिन्हें बाजार में खरीदारी करते समय सामान उठाने या चलने-फिरने में परेशानी होती है. CarryMen की मदद से अब लोग सिर्फ 149 रुपये प्रति घंटे में एक पर्सनल शॉपिंग हेल्पर बुक कर सकते हैं.
यह हेल्पर ग्राहकों के साथ बाजार जाता है, उनके बैग उठाने में मदद करता है और जरूरत पड़ने पर उन्हें मेट्रो स्टेशन, ऑटो या कैब तक छोड़ने में भी सहायता करता है. खास बात यह है कि यह सेवा बुजुर्गों, परिवारों और व्यस्त लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है. आजकल बड़े बाजारों और मॉल में घंटों तक घूमकर खरीदारी करना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. ऐसे में CarryMen जैसी सेवा लोगों के लिए राहत बन सकती है.
किन लोगों के लिए फायदेमंद है यह सेवा?
स्टार्टअप ने उन लोगों को ध्यान में रखकर यह सुविधा शुरू की है, जिन्हें भारी बैग उठाने में परेशानी होती है या जो लंबे समय तक चलने से जल्दी थक जाते हैं/ कई बार बुजुर्ग लोग अकेले बाजार जाने में असहज महसूस करते हैं. वहीं छोटे बच्चों के साथ खरीदारी करने वाले परिवारों को भी काफी दिक्कत होती है. ऐसे लोगों के लिए एक हेल्पर का साथ बहुत काम आ सकता है.
CarryMen केवल एक घंटे की सेवा ही नहीं देता, बल्कि 4 घंटे का प्लान भी उपलब्ध है, जिसकी कीमत 399 रुपये रखी गई है. इसका मतलब है कि अगर किसी को लंबी शॉपिंग करनी है, तो वह कम कीमत में ज्यादा समय तक हेल्पर की मदद ले सकता है. यह सुविधा खासकर त्योहारों, शादी की खरीदारी या बड़े बाजारों में घूमने के दौरान काफी उपयोगी हो सकती है.
स्टार्टअप के संस्थापकों का कहना है कि भविष्य में वे इस सेवा को और बेहतर बनाना चाहते हैं. इसके लिए वे कई नई सुविधाएं जोड़ने की योजना बना रहे हैं. आने वाले समय में ग्राहक जरूरत पड़ने पर छाता, मोबाइल चार्जिंग सुविधा और थकान होने पर फोल्डिंग कुर्सी जैसी सुविधाएं भी पा सकेंगे. यानी CarryMen सिर्फ सामान उठाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लोगों के पूरे शॉपिंग अनुभव को आसान और आरामदायक बनाने की कोशिश करेगा.
भविष्य में मिलेंगी और भी सुविधाएं
भारत के बड़े शहरों में तेजी से बदलती लाइफस्टाइल के कारण लोग अब समय और सुविधा को ज्यादा महत्व देने लगे हैं. ऐसे में CarryMen जैसे स्टार्टअप भविष्य में काफी लोकप्रिय हो सकते हैं. जिस तरह ऑनलाइन डिलीवरी और कैब सेवाएं लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई हैं, उसी तरह पर्सनल शॉपिंग हेल्पर जैसी सेवाएं भी आने वाले समय में आम हो सकती हैं. कुल मिलाकर, CarryMen एक ऐसा नया और अलग आइडिया है, जो लोगों की छोटी लेकिन जरूरी परेशानियों को हल करने की कोशिश कर रहा है. अगर यह सेवा सफल होती है, तो यह भारत के शहरी इलाकों में शॉपिंग का अनुभव पूरी तरह बदल सकती है.
aajtak.in