दुनिया में ऐसे-ऐसे लोग भी हैं, जो अपनी अजीबोगरीब हरकत की वजह से चर्चा का केंद्र बन जाते हैं. एक ऐसा ही मामला थाईलैंड से सामने आया है, जहां एक शख्स सिर्फ अपना मन लगाने के लिए जंगल में बार-बार आग लगा देता था.
थाईलैंड में बार-बार जंगल में आग लगने घटना सामने आ रही थी. वन विभाग और पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो एक 22 साल के संदिग्ध युवक से भी पूछताथ की. उस शख्स ने स्वीकार किया कि वह अपनी बोरिंग लाइफ से ऊब चुका था, इसिलए सिर्फ कुछ मनोरंजन और मजे के लिए वह जंगल में आग लगा देता था.
ऑडिटिटी सेंट्रल की रिपोर्ट के मुताबिक, थाईलैंड के फित्सानुलॉक प्रांत में स्थित केंग हाट ओई वन में गश्त कर रहे रेंजरों ने पिछले शनिवार को इलाके में आग लगने की बार-बार मिल रही सूचनाओं के बाद एक संदिग्ध युवक को पकड़ा. संदिग्ध के पास एक लाइटर था. वह वहां मौजूद होने का कोई ठोस कारण नहीं बता सका. इसलिए उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया.
मजे के लिए जंगल में लगा देता था आग
पुलिस स्टेशन में, युवक ने केंग हाट ओई जंगल में आग लगाने की बात स्वीकार कर ली, लेकिन इसके लिए उसने एक बहुत ही अजीब कारण बताया. उसने कहा कि मैं बस मजे करना चाहता था. मेरे पास करने को कुछ नहीं था. इसलिए मैंने आग लगा दी ताकि वन रक्षक उसे बुझा दें. मैंने बस लापरवाही में आकर ऐसा किया. उस युवक की पहचान मतिना नाम के युवक के रूप में की गई. जंगल में आग लगने से कई किलोमीटर का इलाका जल चुका था.
रेंजरों ने संदिग्ध को कानूनी कार्रवाई के लिए चैट ट्राकन पुलिस स्टेशन में शिफ्ट कर दिया. जहां उस पर प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया. युवक अभी भी हिरासत में है, लेकिन अधिकारियों ने अभी तक उसके लिए संभावित सजाओं की घोषणा नहीं की है.
थाईलैंड पहले से ही प्राकृतिक कारणों या मानवीय लापरवाही से लगी कई जंगल की आग से जूझ रहा है, लेकिन यह शायद मनोरंजन के लिए जंगल में आग लगाने का पहला मामला है. हालांकि, घरों में आग लगाने के ऐसे मामले पहले भी सामने आए है. क्योंकि, पुलिस ने ऐसे कई मामले दर्ज किए हैं जिनमें लोगों ने अपने मनोरंजन के लिए घरों में आग लगा दी है.
aajtak.in