प्यार सिर्फ साथ रहने का नाम नहीं होता. कई बार किसी अपने के दुनिया से चले जाने के बाद भी उसकी यादें जिंदगी भर साथ रहती हैं. बेंगलुरु के एक बुजुर्ग ऑटो ड्राइवर की ऐसी ही कहानी इन दिनों लोगों को भावुक कर रही है. पत्नी की मौत को पूरे 8 साल हो चुके हैं, लेकिन आज भी वह उन्हें हर दिन अपने साथ महसूस करते हैं. इस ऑटो ड्राइवर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में देख सकते हैं कि उनके ऑटो के सामने फूल सजे हुए हैं. ऑटो में उनकी पत्नी की एक तस्वीर भी लगी हुई है. जब एक शख्स ने उनसे पूछा कि ये फूल किसके लिए हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए अपनी पत्नी की तस्वीर की तरफ इशारा कर दिया.
बुजुर्ग ऑटो ड्राइवर ने बताया कि उनकी पत्नी को इस दुनिया से गए हुए करीब 8 साल हो चुके हैं. लेकिन उनके लिए पत्नी की याद आज भी उतनी ही खास है. इसलिए वह रोज अपने ऑटो में उनकी तस्वीर रखते हैं और फूलों से उसे सजाते हैं. यह उनका रोज का एक छोटा सा तरीका है, जिससे वह अपनी पत्नी को याद करते हैं. देखने में यह एक साधारण सी बात लग सकती है, लेकिन इस छोटी सी आदत के पीछे पति-पत्नी के गहरे रिश्ते और प्यार की बड़ी कहानी छिपी हुई है.
घर में बैठते तो आती रहती उनकी याद
वीडियो बनाने वाले शख्स ने बुजुर्ग से पूछा कि उनके परिवार में कौन-कौन है. ऑटो ड्राइवर ने बताया कि उनका एक बेटा, एक बेटी और 6 पोते-पोतियां हैं. इतना बड़ा परिवार होने के बावजूद वह रोज ऑटो चलाने निकलते हैं. जब उनसे पूछा गया कि वह घर पर आराम करने के बजाय अब भी काम क्यों करते हैं, तो उनका जवाब बेहद भावुक करने वाला था. उन्होंने बताया कि अगर वह घर पर खाली बैठेंगे तो उन्हें सोचने के लिए बहुत ज्यादा समय मिलेगा. पत्नी के जाने के बाद उनकी यादें उन्हें लगातार परेशान कर सकती हैं. इसलिए वह रोज ऑटो चलाते हैं, लोगों से मिलते हैं और यात्रियों से बातें करते हैं. इससे उनका मन लगा रहता है और वह खुद को व्यस्त रख पाते हैं.
ऑटो और फूल बन गए यादों का सहारा
उनके लिए ऑटो सिर्फ कमाई का जरिया नहीं है. यह एक ऐसी जगह भी बन गया है, जहां वह अपनी पत्नी की याद को हमेशा अपने पास रखते हैं. ऑटो में लगी पत्नी की तस्वीर और उसके आसपास सजे फूल बताते हैं कि समय बीतने के बाद भी कुछ रिश्तों की अहमियत कम नहीं होती. रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया पर इस वीडियो को देखने के बाद लोग काफी भावुक हो गए. कई लोगों ने इस बुजुर्ग की पत्नी के प्रति उनके प्यार की तारीफ की. कुछ लोगों ने इसे सच्चे और लंबे समय तक चलने वाले प्यार की खूबसूरत मिसाल बताया. एक सोशल मीडिया यूजर ने यह भी दावा किया कि वह इस ऑटो ड्राइवर को पहले से जानता है और उन्हें रोज इसी तरह अपने ऑटो को साफ करके फूलों से सजाते हुए देखता है.
लोगों को छू गई प्यार की यह कहानी
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर रिश्तों को लेकर शिकायत करते नजर आते हैं. ऐसे में इस बुजुर्ग ऑटो ड्राइवर की कहानी लोगों के दिल को छू रही है. पत्नी अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी तस्वीर आज भी उनके पति के साथ चलती है. हर दिन खरीदे गए फूल इस बात की याद दिलाते हैं कि प्यार सिर्फ किसी के सामने होने तक सीमित नहीं होता. 8 साल का लंबा समय बीत चुका है, लेकिन इस बुजुर्ग के लिए पत्नी की याद आज भी उनके जीवन का हिस्सा है. शायद यही वजह है कि वह हर दिन काम पर निकलते समय उन्हें अपने साथ लेकर चलते हैं.
इस छोटी सी कहानी ने सोशल मीडिया पर लोगों को एक बार फिर सोचने पर मजबूर कर दिया कि सच्चे रिश्तों की यादें वक्त के साथ खत्म नहीं होतीं. कभी-कभी एक तस्वीर, कुछ फूल और किसी अपने को याद करने की आदत ही पूरी जिंदगी का सबसे बड़ा सहारा बन जाती है.
aajtak.in